नेहर सवार पंचायत की 49 वर्षीय महिला की पेड़ से गिरकर मौत
नाहन, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर के सैनधार इलाके की नेहर सवार पंचायत की एक महिला की पेड़ से गिरकर मौत हो गई है। मृतका की पहचान बीना देवी (49) पत्नी सुरेंद्र कुमार निवासी गवाही के रूप में हुई है। ये हादसा बुधवार सुबह पेश आया। इस दर्दनाक हादसे के बाद नेहर सवार पंचायत समेत सैनधार क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार महिला सुबह पशुओं के लिए चारा लेने जंगल में गई थी। इस दौरान एक पेड़ से चारा काटते वक्त उनका पांव फिसला और नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गईं।हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कालेज नाहन पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। जैसे ही उन्हें अस्पताल से बाहर लाया गया, उसी दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
नेहर सवार पंचायत के प्रधान अनिल राणा ने बताया कि महिला के निधन से पूरी पंचायत में शोक की लहर है। उन्होंने बताया कि महिला अपने पीछे पति और दो बेटों को छोड़ गई हैं। हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है। उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। उन्होंने कहा कि महिला का अचानक यूं चले जाना परिवार के लिए बड़ा आघात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर