महिला आरक्षण पर कांग्रेस का रुख महिलाओं के खिलाफ, जनता देगी जवाब : राजीव बिंदल

 


शिमला, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने शिमला में कांग्रेस और प्रदेश सरकार पर कई मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा है कि संसद में नारी शक्ति वंदन अधिनियम को लेकर जो घटनाक्रम हुआ, उससे कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच साफ हो गई है। उनके मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को सत्ता में भागीदारी देने के लिए विशेष सत्र बुलाया, लेकिन कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने इसका समर्थन नहीं किया। बिंदल ने कहा कि यह महिलाओं के अधिकारों के खिलाफ है और इससे देश की बड़ी आबादी को नुकसान पहुंचा है।

डॉ. बिंदल ने बुधवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि पिछले कई वर्षों में केंद्र सरकार ने महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं और अब उन्हें नीति निर्धारण में भागीदारी देने का समय था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने लंबे समय तक महिला आरक्षण के मुद्दे को टालते रखा और जब इसे लागू करने का मौका आया तो उसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर कांग्रेस का रुख महिलाओं के हित में नहीं है और इसका जवाब महिलाएं खुद देंगी। इसी को लेकर उन्होंने 23 अप्रैल को शिमला में “जन आक्रोश पदयात्रा” निकालने का ऐलान किया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं के शामिल होने की बात कही गई।

डॉ. बिंदल ने पंचायती राज और शहरी निकाय चुनावों को लेकर भी प्रदेश सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिश की और समय पर चुनाव कराने में सहयोग नहीं किया। उनके अनुसार चुनाव आयोग को इस संबंध में राज्यपाल को विस्तृत रिपोर्ट भेजनी पड़ी और बाद में अदालत के हस्तक्षेप के बाद ही स्थिति स्पष्ट हुई। उन्होंने कहा कि यह लोकतांत्रिक प्रक्रिया के लिए ठीक नहीं है।

इसके अलावा डॉ. बिंदल ने यह भी आरोप लगाया कि केंद्र से पंचायतों और नगर निकायों के लिए आया वित्त आयोग का पैसा राज्य सरकार ने अपने पास मंगवा लिया, जिससे विकास कार्य प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सरकार को स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए कि वह पैसा कहां खर्च हुआ। साथ ही उन्होंने शहरी निकाय चुनावों की घोषणा का स्वागत करते हुए इसे लोकतंत्र की जीत बताया और कहा कि आने वाले समय में पंचायती राज चुनाव भी होंगे, जिनमें जनता अपना फैसला देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा