मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर महिलाओं को किया सम्मानित
नाहन, 08 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज सिरमौर जिला के नाहन में आयोजित अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने तथा विभिन्न योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने सिरमौर जिला की उपायुक्त प्रियंका वर्मा को जिले में महिलाओं के सशक्तिकरण में किये गए सराहनीय कार्यों, मांऊट एवरेस्ट फतह करने वाली सिरमौर जिला के संगड़ाह तहसील के गांव गत्ताधार की कृतिका शर्मा तथा सिरमौर जिला के राजगढ़ के गांव पझोता की मेघा सिंह कंवर को हिमाचल प्रदेश प्रशासनिक परीक्षा-2025 में प्रथम स्थान हासिल करने के लिए भी सम्मानित किया।
उन्होंने हिमाचल प्रदेश महिला विकास प्रोत्साहन योजना के तहत सोलन जिला की शांति जैसवाल, बिलासपुर जिला की निर्मला धीमान, कांगड़ा जिला के इंदौरा की गृहिणी स्वयं स्वरोजगार संघ तथा ऊना जिला की निशू लता को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया और उन्हें एक-एक लाख रुपये प्रदान किये।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत शिखा, सिमरन कौर, शिया तथा प्रेम लता को विवाह अनुदान के अन्तर्गत 60-60 हजार रुपये, महबूब हसन तथा रवि को मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना में दी जाने वाली मकान निर्माण के लिए दूसरी किश्त के रूप में एक-एक लाख रुपये दिये। मुख्यमंत्री शगुन योजना के अन्तर्गत संतोष देवी, शीला देवी तथा नीमो देवी को 31-31 हजार रुपये, विधवा पुनर्विवाह योजना के तहत नसिफा, नितेश तथा विधा देवी को दो-दो लाख रुपये, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना के तहत बबीता, सुनीता देवी तथा अनीता देवी को 51-51 हजार रुपये प्रदान किये गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर