वन्यजीव सप्ताह पर शिमला में मिनी मैराथन, बच्चों और युवाओं ने लिया हिस्सा

 




शिमला, 04 अक्टूबर (हि.स.)। वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत हिमाचल प्रदेश वन विभाग के वन्यजीव विंग की ओर से रविवार को शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान से मिनी मैराथन का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में बच्चों और युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। मिनी मैराथन रिज मैदान से शुरू होकर समरहिल तक गई और प्रतिभागी वापस रिज मैदान पहुंचे।

शिमला शहरी विधानसभा क्षेत्र के विधायक हरीश जनारथा ने रिज मैदान से मिनी मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने प्रतिभागियों, बच्चों, युवाओं और उपस्थित लोगों से वन्यजीवों के महत्व को समझने और उनके संरक्षण के लिए आगे बढ़कर योगदान देने की अपील की।

मिनी मैराथन में महिला और पुरुष वर्ग में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। महिला वर्ग में अनामिका ने पहला, विपाशा ने दूसरा और सुमन ने तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग में जतिन पहले, ध्रुव दूसरे और रामकृष्ण तीसरे स्थान पर रहे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजकों ने सभी प्रतिभागियों को उनके उत्साह, अनुशासन और सहभागिता के लिए बधाई दी।

इस अवसर पर वन्यप्राणी प्रभाग और वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा कर्मचारी भी मौजूद रहे। मिनी मैराथन के आयोजन का उद्देश्य स्वस्थ जीवन, खेल भावना और वन्यजीव संरक्षण का संदेश लोगों तक पहुंचाना रहा। बच्चों और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी से कार्यक्रम में जनभागीदारी का संदेश भी सामने आया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा