मुख्यमंत्री ऐहन से तत्तापानी तक एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स का करेंगे वर्चुअल शुभारंभ

 


मंडी, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 24 अक्टूबर को सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र के ऐहन में कोलडैम पर एडवेंचर वॉटर स्पोर्ट्स गतिविधियों का वर्चुअल शुभारंभ करेंगे।

मंडी जिला जल क्रीड़ा एवं संबद्ध गतिविधियां समिति, जिला प्रशासन तथा पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में यह कार्यक्रम 24 अक्टूबर को प्रातः 11.00 बजे ऐहन में आयोजित किया जा रहा है, जबकि मुख्यमंत्री वर्चुअल माध्यम से इसमें जुड़ेंगे।

एक सरकारी प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि कोलडैम पर ऐहन से तत्तापानी तक जलक्रीड़ा गतिविधियों के तहत बनाना राइड, मिनी क्रूज, जेट स्की, स्पीड बोट जैसी साहसिक एवं रोमांचक गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इससे इस क्षेत्र में साहसिक, इको-टूरिज्म गतिविधियों के माध्यम से सतत विकास को प्रोत्साहन मिल सकेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा