बढ़ती गर्मी के चलते जलशक्ति विभाग सिरमोर ने कसी कमर,पानी की शिकायतों के लिए फोन और व्हाट्स एप नम्बर किए जारी

 


नाहन, 24 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश सहित जिला सिरमौर में भी अब भीषण गर्मी देखने को मिल रही है और खासकर मैदानी इलाकों में इसका प्रभाव भी पड़ने लगा है। गर्मी के मौसम मैं जल जनित रोगों के फैलने की आशंका भी रहती है इसी के मद्देनजर जिला सिरमौर जल शक्ति विभाग ने सतर्कता के साथ जल स्रोतों एवं पानी के टैंकों में क्लोरीन के प्रयोग और इन जल स्रोतों और टैंकों की सफाई का कार्य आरंभ कर दिया है।

जल शक्ति विभाग सिरमोर के अधीक्षण अभियंता इंजीनियर राजीव महाजन ने बताया कि सभी जल शक्ति खण्डों में ये निर्देश दिए गए हैं कि सभी जल स्रोतों एवं जल भंडारण की प्रॉपर क्लोरिनेशन की जाए, उन्हें विधिवत सफाई की जाए ताकि जल जनित रोगों के फैलने की आशंका को खत्म किया जा सके। इसके साथ ही आमजन को भी अपने पानी की टंकियों को स्वच्छ रखने बारे भी जागरूक किया जाए।

महाजन ने बताया कि यह कार्य कैंपेन मोड में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके इलावा गर्मी में पानी संबंधी शिकायतों के समाधान हेतु फोन के माध्यम से और व्हाट्स एप के माध्यम से शिकायत की जा सकेगी। यदि 48 घंटे में शिकायत का समाधान नहीं होता तो शिकायत कर्ता अपने क्षेत्र के संबंधित जे इ, एस डी ओ से शिकायत कर सकता है। उन्होंने लोगो से भी अनुरोध किया कि वो व्हाट्स एप पर शिकायत को प्राथमिकता दे। इससे जहां शिकायत कर्ता के पास भी रिकॉर्ड रहेगा वहीं संबंधित अधिकारी भी आसानी से शिकायत बारे भी जान पाएंगे। राजीव महाजन ने बताया कि अभी जिला में जल स्रोतों में जल की मात्रा ठीक है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर