एसपी सिरमौर की सख्त चेतावनी: सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाई तो खैर नहीं, दर्ज होगी एफ आई आर

 

नाहन, 22 मई (हि.स.)। पाँवटा साहिब के देवी नगर से लापता हुई 10 वर्षीय मासूम बच्ची की यमुना नदी में डूबने से हुई दुखद मृत्यु के मामले में सोशल मीडिया पर इस घटना को लेकर फैलाई जा रही हत्या, चोटों के निशान और बाल काटे जाने की खबरों को एसपी सिरमौर ने पूरी तरह से भ्रामक, मनगढ़ंत और असत्य करार दिया है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अशांति और सनसनी फैलाने वाले शरारती तत्वों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एसपी सिरमौर ने आम जनता से अपील की है कि वे इस संवेदनशील और दुखद हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी अफवाह पर विश्वास न करें और न ही उसे आगे शेयर करें, क्योंकि पुलिस की साइबर सेल झूठी और भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर पैनी नजर रख रही है।

इस पूरे मामले की पृष्ठभूमि पर नजर डालें तो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के जिला गोरखपुर के गाँव पोहरिया निवासी अमित कुमार, जो वर्तमान में पाँवटा साहिब के देवी नगर में रह रहे हैं, ने 20 मई को थाना पाँवटा साहिब में अपनी 10 वर्षीय बेटी की गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया गया था कि माता-पिता की घर पर अनुपस्थिति के दौरान बच्ची शाम करीब पांच बजे से अचानक लापता हो गई थी। मामले की संजीदगी को देखते हुए पुलिस ने तुरंत अभियोग पंजीकृत किया और बच्ची की तलाश के लिए पाँवटा साहिब, यमुना नदी, कुल्हाल शक्ति नहर और सिविल अस्पताल आदि क्षेत्रों में विभिन्न पुलिस टीमों को तुरंत रवाना किया था।

तलाश अभियान के दौरान जब पुलिस टीम कुल्हाल शक्ति नहर के पास मौजूद थी, तभी उन्हें सूचना मिली कि यमुना घाट के पास नदी में एक बच्ची का शव पड़ा है, जिसे स्थानीय लोगों ने पानी से बाहर निकालकर किनारे पर रखा है। मौके पर पहुंचे परिजनों ने मृतका की शिनाख्त लापता के रूप में की, जिसके बाद शव को तुरंत सिविल अस्पताल पाँवटा साहिब लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में महिला आरक्षी और सुरक्षा कर्मियों की उपस्थिति में किए गए निरीक्षण में बच्ची के शरीर पर किसी भी तरह की चोट के निशान नहीं मिले, बल्कि उसके पैरों में रेत लगी हुई पाई गई। परिजनों ने भी अपने बयान में किसी पर कोई शक जाहिर नहीं किया और कहा कि बच्ची खेलते समय या नदी पार करते हुए अचानक गहरे पानी में डूब गई होगी, जिससे यह हादसा हुआ।

मामले में पूरी पारदर्शिता बनाए रखने के लिए शव का पोस्टमार्टम डॉ. वाई.एस. परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में करवाया गया और पोस्टमार्टम से पहले एहतियात के तौर पर मृतका के पूरे शरीर का एक्स-रे भी करवाया गया।

पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों का खंडन करते हुए साफ किया है कि डॉक्टरों द्वारा पोस्टमार्टम के बाद मृतका के पिता और उनके चाचा को हर तथ्य स्पष्ट रूप से दिखाया और समझाया गया है। आज खुद बच्ची के पिता ने भी पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया है कि उनकी बेटी के सिर के बाल नहीं काटे गए थे और न ही शरीर पर कोई चोट थी। पुलिस इस मामले में हर पहलू को ध्यान में रखकर बेहद गंभीरता से आगे का अन्वेषण कर रही है और भ्रांतियां फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी ताकि इलाके में कानून व्यवस्था और शांति बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर