रामायण और महाभारत जीवन जीने की कला सिखाने वाले महान महाकाव्य : प्रताप समयाल

 


शिमला, 04 नवंबर (हि.स.)। रामायण और महाभारत भारतीय संस्कृति के दो महान महाकाव्य हैं, जो हमें जीवन जीने की कला सिखाते हैं। रामायण हमें बताती है कि जीवन में क्या करना चाहिए, जबकि महाभारत यह सीख देती है कि हमें क्या नहीं करना चाहिए। यह बात राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचार प्रमुख प्रताप समयाल ने कही। वह बुधवार काे विश्व संवाद केंद्र शिमला की ओर से दीपावली पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित दीपावली मंगल मिलन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।

प्रताप समयाल ने कहा कि वर्तमान समय में भारतीय संस्कृति और पारंपरिक त्योहारों पर आघात करने के प्रयास हो रहे हैं। ऐसे में पत्रकारों सहित समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों के संरक्षण एवं संवर्धन में सक्रिय भूमिका निभाए। उन्होंने कहा कि हमारे पर्व सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता के प्रतीक हैं। ये समाज को आपस में जोड़ने के साथ-साथ राष्ट्र के विकास और सामाजिक सद्भाव को भी मजबूती प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित डिप्टी सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया बलराम शर्मा ने प्रधानमंत्री द्वारा प्रतिपादित पंच प्राण के पांच विषयों सामाजिक समरसता, कुटुम्ब प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि ये पांचों विषय राष्ट्र की उन्नति, सामाजिक एकता और सशक्त समाज के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।

बलराम शर्मा ने कहा कि समाज को सकारात्मक दिशा देने और लोगों को जोड़ने में मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने पत्रकारों से आह्वान किया कि वे अपने लेखन और समाचारों के माध्यम से पंच प्राण के इन विषयों को समाज तक पहुंचाएं तथा इनके प्रति सकारात्मक जनजागरण में योगदान दें। उन्होंने सभी पत्रकारों को दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर विश्व संवाद केंद्र के सचिव मोतीलाल ने केंद्र की ओर से प्रदेशभर में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विश्व संवाद केंद्र की ओर से प्रतिवर्ष देवर्षि नारद जयंती और दीपावली पर्व के अवसर पर मंगल मिलन कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विश्व संवाद केंद्र शिमला के अध्यक्ष राजेश बंसल ने उपस्थित पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर केंद्र के उपाध्यक्ष यादविन्द्र चौहान, प्रचार कार्यालय टोली के सदस्य, वरिष्ठ पत्रकारों सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला