वोट चोरी के मुद्दे पर पांवटा साहिब में कांग्रेस का हल्ला बोल,केंद्र सरकार के खिलाफ निकली आक्रोश रैली
नाहन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। देशभर में वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों द्वारा केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जिला सिरमौर के पांवटा साहिब में भी कांग्रेस ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह से आक्रोश रैली शुरू की। रैली गीता भवन मंदिर, मुख्य बाजार और वाल्मीकि चौक से होते हुए उपमंडलाधिकारी कार्यालय पहुंची, जहां कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन सौंपा।
इस रैली में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार, पांवटा साहिब मंडल अध्यक्ष हरप्रीत सिंह रतन, पांचों विधानसभा क्षेत्रों के मंडल अध्यक्ष, वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। रैली के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के मताधिकार से बड़ा कुछ नहीं है। चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर जो गंभीर सवाल उठ रहे हैं, उनका जवाब देश की जनता को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि झूठ ज्यादा दिन तक नहीं चलता, सच्चाई सामने आकर ही रहती है। कांग्रेस लोकतांत्रिक मूल्यों और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए इस लड़ाई को मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को दोहराया।
कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि जब तक वोट चोरी से जुड़े सवालों पर स्थिति स्पष्ट नहीं होती, तब तक पार्टी का विरोध लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा और यह मुद्दा प्रदेश से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक प्रमुखता से उठाया जाता रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर