लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ अभियान के तहत एक नवंबर को दिल्ली में हुंकार भरेगी कांग्रेस : अजय सोलंकी

 


नाहन, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मतदाता सूची और नागरिकों के मताधिकार को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने की तैयारी कर ली है।कांग्रेस के राष्ट्रीय आह्वान पर 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली रैली के लिए नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने युवाओं और आमजन से भी आगे आने की अपील की है।

सोमवार को नाहन में पत्रकार वार्ता के दौरान सोलंकी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े मामलों के कारण देश में करीब 13 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार से वंचित हुए हैं।उन्होंने इसे लोकतंत्र और नागरिकों के मतदान के अधिकार से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताते हुए ‘लोकतंत्र बचाओ, वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान में भागीदारी की अपील की।

सोलंकी ने कहा कि लोकतंत्र में मताधिकार प्रत्येक नागरिक का महत्वपूर्ण अधिकार है और इसी के माध्यम से जनता देश व प्रदेश का भविष्य तय करती है। उन्होंने केंद्र सरकार पर विभिन्न संस्थाओं का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक को मतदान का अवसर मिलना चाहिए और मतदाता सूची से जुड़ी समस्याओं का निष्पक्ष समाधान होना चाहिए। कांग्रेस इसी मुद्दे को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है।विधायक ने रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने वाले युवाओं के मतदान के अधिकार का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि हिमाचल सहित देश के विभिन्न राज्यों के अनेक युवा नौकरी और रोजगार की तलाश में अपने गृह प्रदेश से बाहर जाते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर