कांग्रेस सरकार में कुटलैहड़ के कई गांवों की बस सेवाएं लंबे समय से बंद : वीरेंद्र कंवर

 


ऊना, 05 मार्च (हि.स.)। प्रदेश की कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में कुटलैहड़ क्षेत्र के लोगों को मूलभूत बस सेवा से भी वंचित होना पड़ रहा है। यह बात वॉलीबाल फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष, पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर ने कही।

उन्होंने कहा कि कुटलैहड़ के कई गांवों की बस सेवाएं पिछले लंबे समय से बंद पड़ी हैं, जिसके कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्यार्थियों, बुजुर्गों और रोज़ाना कामकाज के लिए आने-जाने वाले लोगों के लिए यह समस्या गंभीर रूप ले चुकी है।

उन्होंने बताया कि ऊना-बदोली, ऊना-त्यूडी, घनडावल-भलोह, हण्डोला-जगातखाना, ऊना-लिदकोट-बोहरु-चुगाठ, ऊना-चपलाह, ऊना-डीहर तथा बड़सर-सरोह-पीपलू जैसे महत्वपूर्ण बस रूट लंबे समय से बंद पड़े हैं, जिससे लोगों की परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं।

कंवर ने कहा कि जहां नई सड़कों पर बस सेवा शुरू होनी चाहिए थी, वहां भी सरकार और प्रशासन पूरी तरह असफल साबित हुए हैं। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी सड़कों पर भी आज तक बस सेवा शुरू नहीं हो पाई है, जो सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है।

उन्होंने आगे कहा कि पालमपुर-दिल्ली वाया बंगाणा चलने वाली वॉल्वो बस सेवा को भी अब कीरतपुर फोरलेन से संचालित किया जा रहा है, जिसके कारण भोटा-ऊना मार्ग पर लोगों को अब कोई भी वॉल्वो सेवा उपलब्ध नहीं हो रही है। इससे क्षेत्र के यात्रियों को काफी असुविधा झेलनी पड़ रही है।

पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर सभी बंद पड़ी बस सेवाओं को बहाल किया जाए, अन्यथा भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग सड़कों पर उतरकर सरकार के खिलाफ जोरदार आंदोलन करेंगे।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री, जो परिवहन मंत्री भी हैं, स्वयं ऊना जिले से आते हैं, लेकिन अपने ही जिले में परिवहन विभाग की यह स्थिति सरकार की कथनी और करनी के अंतर को स्पष्ट रूप से उजागर करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला