विकसित भारत युवा नेता संवाद 2027 शुरू, युवाओं को पीएम मोदी के सामने विचार रखने का मौका

 


शिमला, 09 सितंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार के युवा मामले और खेल मंत्रालय ने ‘विकसित भारत युवा नेता संवाद 2027’ की शुरुआत कर दी है। इस कार्यक्रम का आगाज ‘विकसित भारत क्विज’ से हुई है। इसका उद्देश्य युवाओं को नेतृत्व, नवाचार और राष्ट्र निर्माण से जोड़ना है। चयनित युवाओं को विकसित भारत-2047 से जुड़े अपने विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने रखने का अवसर मिलेगा।

शिमला में बुधवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में हिमाचल प्रदेश सरकार के युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के विशेष सचिव नवीन तंवर, मेरा युवा भारत हिमाचल प्रदेश के राज्य निदेशक ध्रुव डोगरा और पत्र सूचना कार्यालय शिमला के सहायक निदेशक संजीव शर्मा ने कार्यक्रम की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि विकसित भारत युवा नेता संवाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस विजन के अनुरूप आयोजित किया जा रहा है, जिसके तहत गैर-राजनीतिक पृष्ठभूमि से एक लाख युवा नेताओं को तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। कार्यक्रम के जरिए ऐसे युवाओं को सार्वजनिक जीवन और राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में भागीदारी का अवसर देने का प्रयास किया जा रहा है, जिनकी पारिवारिक राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में युवाओं का चयन योग्यता के आधार पर कई चरणों में होगा। उनकी यात्रा ‘विकसित भारत क्विज’ से शुरू होगी। इसके बाद निबंध प्रतियोगिता, जिला स्तरीय चैंपियनशिप, राज्य या केंद्र शासित प्रदेश स्तर का विकसित भारत युवा नेता संवाद और अंत में राष्ट्रीय स्तर का संवाद होगा।

15 से 29 वर्ष की आयु के युवा विकसित भारत चैलेंज ट्रैक के पहले चरण में हिस्सा ले सकते हैं। ‘विकसित भारत क्विज’ 17 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक MY Bharat पोर्टल पर आयोजित की जा रही है। क्विज में हिस्सा लेने वाले शीर्ष 10 प्रतिशत प्रतिभागियों को अगले चरण ‘विकसित भारत निबंध चुनौती’ के लिए चुना जाएगा। इसमें अधिकतम चार लाख प्रतिभागियों की सीमा तय की गई है।

नवीन तंवर और ध्रुव डोगरा ने बताया कि निबंध चुनौती के बाद चयनित प्रतिभागी जिला और राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेंगे। इन चरणों के जरिए चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचेंगे और वहां उन्हें अपने विचार रखने का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम में युवाओं के लिए छह अलग-अलग ट्रैक रखे गए हैं। इनमें विकसित भारत चैलेंज, सांस्कृतिक ट्रैक, डिजाइन फॉर भारत, हैक फॉर सोशल कॉज, युवा उद्यमी चैलेंज और युवा संसद शामिल हैं। इन ट्रैक के जरिए युवाओं को अपनी रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता, नवाचार और उद्यमिता दिखाने का अवसर मिलेगा।

विकसित भारत चैलेंज के तहत युवाओं को विकसित भारत-2047 के लिए अपने विचार और सुझाव देने होंगे। इस ट्रैक में क्षेत्रीय स्तर पर चयनित प्रतिभागियों को अपने विचार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इस राष्ट्रीय आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम है। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवाओं को अपने विचार और सुझाव रखने के साथ राष्ट्रीय नेतृत्व, नीति निर्माताओं और विशेषज्ञों के साथ संवाद का अवसर मिलेगा।

कार्यक्रम की निर्धारित समय-सारणी के अनुसार विकसित भारत क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर तक होगी। इसके बाद विकसित भारत निबंध चुनौती 5 से 19 अक्टूबर तक आयोजित की जाएगी। जिला स्तरीय चैंपियनशिप 10 से 16 नवंबर तक होगी। राज्य और केंद्र शासित प्रदेश स्तर का विकसित भारत युवा नेता संवाद 17 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा। इसके बाद राष्ट्रीय विकसित भारत युवा नेता संवाद 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा