विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में निभाएं भूमिका : अनुराग ठाकुर

 


मंडी, 05 जुलाई (हि.स.)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के अंतर्गत संगठनात्मक जिला सुंदरनगर द्वारा नाचन विधानसभा क्षेत्र के गोहर स्थित म्याह माता मंदिर भवन में आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का शनिवार को सफल समापन हुआ। समापन सत्र में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद ने मुख्य वक्ता के रूप में कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को संबोधित किया।

अनुराग ठाकुर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सबसे बड़ी शक्ति उसका समर्पित, अनुशासित और राष्ट्रहित के प्रति समर्पित कार्यकर्ता है। करोड़ों कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और संगठन के प्रति निष्ठा के बल पर भाजपा आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी बनी है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र को सर्वोपरि, पार्टी को दूसरे स्थान पर और स्वयं को तीसरे स्थान पर रखकर कार्य करता है, यही भाजपा की सबसे बड़ी पहचान है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत और विश्वगुरु भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक कार्यकर्ता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार की जनविरोधी नीतियों, विकास कार्यों में ठहराव, वादाखिलाफी और प्रशासनिक विफलताओं का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता तथ्यों के आधार पर सरकार की नाकामियों को जनता के बीच रखें तथा पूर्व भाजपा सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किए गए विकास कार्यों और जनहितकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा