वेदांत कुटीर मंडी में रुद्राभिषेक और सुंदरकांड पाठ, श्रद्धालुओं के लिए विशाल खीर भंडारा

 


मंडी, 05 अगस्त (हि.स.)। ब्यास नदी के तट पर स्थित वेदांत कुटीर मंडी में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी सावन मास की कृष्ण पक्ष की सप्तमी के पावन अवसर पर विविध धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन अत्यंत श्रद्धा और भक्ति-भाव के साथ किया गया। सुबह के समय श्री राम लिंगेश्वर महादेव का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। इसके उपरांत दोपहर में श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक सुंदरकांड का सस्वर पाठ किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने हिस्सा लेकर प्रभु श्रीराम और श्री हनुमान जी का गुणगान किया। धार्मिक अनुष्ठानों के पश्चात आश्रम परिसर में विशाल खीर भंडारे का आयोजन किया गया। लगभग डेढ़ घंटे तक चले इस भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं, यात्रियों और संगत ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस अवसर पर आश्रम की अध्यक्षा पूज्या माता साध्वी सेवानंद सरस्वती जी महाराज ने भगवान श्रीराम लिंगेश्वर महादेव से विश्व कल्याण, सुख-शांति और समृद्धि की प्रार्थना की। कार्यक्रम में पूज्य स्वामी प्रणवानंद सरस्वती, स्वामी अखिलेश्वरानंद और स्वामी युक्तेश्वरानंद जी महाराज ने अपने पावन सान्निध्य और आशीर्वचनों से भक्तों को अनुगृहित किया। पूरा आश्रम परिसर दिनभर भक्तिमय माहौल और वैदिक मंत्रों की गूंज से सराबोर रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा