आम लोगों के जीवन से जुड़ी ग्रामीण विकास योजनाओं को समय पर उतारा जाए जमीन पर

 


मंडी, 26 अगस्त (हि.स.)। विकसित भारत जी-राम-जी, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण, मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना सहित अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिसकी अध्यक्षता उपायुक्त अपूर्व देवगन ने की।

उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, पारदर्शिता, समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी लक्ष्यों को पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण विकास विभाग की योजनाएं सीधे तौर पर आम लोगों के जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए इनके कार्यान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

उपायुक्त ने ग्रामीण क्षेत्रों में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के संग्रहण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एकत्र किए गए प्लास्टिक को उचित तरीके से संबंधित लोक निर्माण विभाग को उपलब्ध करवाया जाए, ताकि सड़क निर्माण में इसका उपयोग किया जा सके। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कंपोस्ट पिट और सोक पिट के निर्माण को भी बढ़ावा देने के निर्देश दिए।

उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में लैंड डेवलपमेंट के कार्यों पर विशेष फोकस करने तथा इन कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने को कहा। बैठक में विकसित भारत जी-राम-जी के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मानव दिवस बढ़ाने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जरूरत के अनुरूप विकास कार्यों को गति देने के निर्देश दिए। बैठक में जिले में मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने निर्देश दिए कि योजना के तहत सभी पात्र परिवारों को शामिल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त सांसद निधि तथा विधायक निधि के तहत जारी धनराशि से चल रहे विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को इन कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने तथा कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा