कड़ा-कृपाण पहनने पर पटवारी भर्ती परीक्षा में नहीं मिला प्रवेश

 

ऊना, 27 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान सिख समुदाय से संबंधित एक युवती को धार्मिक प्रतीक कड़ा और कृपाण पहनने के चलते परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दिए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार को परीक्षा केंद्र पहुंची युवती को परीक्षा देने का अवसर नहीं मिला। इस घटना से आहत युवती भावुक हो गई और उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े। अब युवती ने करीब दो मिनट का वीडियो जारी कर अपनी पीड़ा जाहिर करते हुए आयोग से अगले टेस्ट में परीक्षा देने का मौका देने की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार जसविंदर कौर पुत्री बलवंत सिंह ने पटवारी भर्ती परीक्षा के लिए आवेदन किया था। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग की ओर से जारी एडमिट कार्ड के मुताबिक युवती का परीक्षा केंद्र शोभित इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट, चलोला (ऊना) निर्धारित किया गया था। शुक्रवार 27 नवंबर को वह परीक्षा देने के लिए केंद्र पहुंची थी, लेकिन कड़ा और कृपाण पहने होने के चलते उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई।

इस घटनाक्रम से आहत जसविंदर कौर ने वीडियो जारी कर अपना दर्द साझा किया है। वीडियो में वह भावुक नजर आ रही है और अपनी बात रखते हुए उसकी आंखों से आंसू छलक पड़ते हैं। उसने संबंधित अधिकारियों और आयोग से अपील की है कि उसके मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और उसे आगामी टेस्ट में परीक्षा देने का एक अवसर प्रदान किया जाए।

गौरतलब है कि सिख धर्म में कड़ा और कृपाण पांच ककारों में शामिल हैं और इनका विशेष धार्मिक महत्व है। सिख समुदाय के लिए ये महज आभूषण या वस्तुएं नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था और पहचान के प्रतीक हैं। ऐसे में इस घटना ने परीक्षा केंद्रों पर लागू नियमों, धार्मिक मान्यताओं के सम्मान और अभ्यर्थियों को समान अवसर उपलब्ध करवाने को लेकर चर्चा छेड़ दी है।

अब देखना होगा कि हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग इस मामले में क्या संज्ञान लेता है और युवती की गुहार पर उसे आगामी परीक्षा में शामिल होने का अवसर मिल पाता है या नहीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल