पंचायत चुनाव में दिखा गांव से जुड़ाव, चंडीगढ़-दिल्ली से वोट डालने पहुंचे युवा

 


ऊना, 28 मई (हि.स.)। पंचायती राज चुनावों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीण लोकतंत्र के इस महापर्व में अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए बड़े शहरों से भी मतदाता मत डालने पहुंच रहे हैं। ऊना जिला की ग्राम पंचायत धर्मसाल महंता खास के वार्ड नंबर तीन में एक ही परिवार के सदस्यों ने मतदान करने के बाद सामूहिक तस्वीर खिंचवाकर लोकतंत्र के प्रति अपनी भागीदारी का संदेश दिया। परिवार के सदस्य विकास, निधि और रोहित अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए विशेष रूप से बाहर से गांव पहुंचे। विकास और निधि चंडीगढ़ से जबकि रोहित दिल्ली से मतदान करने के लिए अपने पैतृक गांव पहुंचे।

मतदान के बाद पूरे परिवार ने सामूहिक चित्र खिंचवाया, जो चुनावों के प्रति लोगों के उत्साह और जागरूकता को दर्शाता है। परिवार के मुखिया बलबीर सिंह का कहना है कि पंचायत चुनाव गांव के विकास और स्थानीय नेतृत्व को तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। यही कारण है कि नौकरी और पढ़ाई के चलते बाहर रहने वाले युवा भी अपने गांव पहुंचकर मतदान में भाग ले रहे हैं। वहीं चुनावों के दौरान गांवों में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर लोगों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। बुजुर्गों, महिलाओं और युवाओं ने बढ़-चढ़कर मतदान कर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल