कुटलैहड़ में चार साल से विकास पर लगा ग्रहण, कांग्रेस कर रही पुराने कामों का उद्घाटन: वीरेंद्र कंवर

 


ऊना, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा कुटलैहड़ क्षेत्र में जल शक्ति विभाग के थानाकलां डिवीजन और बिहड़ू उपतहसील का उद्घाटन किए जाने पर पूर्व मंत्री एवं कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कंवर ने स्थानीय कांग्रेस विधायक पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के चार साल के कार्यकाल में कुटलैहड़ को कोई नई बड़ी योजना नहीं मिल पाई है। कांग्रेस के जनप्रतिनिधि पूर्व भाजपा सरकार के समय स्वीकृत कार्यों का ही उद्घाटन और दोबारा शिलान्यास कर श्रेय लेने में जुटे हैं।

वीरेंद्र कंवर ने आरोप लगाया कि पूर्व भाजपा सरकार के समय जिन विकास कार्यों की शुरुआत की गई थी, उन्हें पूरा करवाने के बजाय उनकी शिलान्यास एवं उद्घाटन पट्टिकाएं तक हटाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि पट्टिकाएं हटाने से जनता के दिलों में दर्ज विकास कार्यों की यादें नहीं मिटाई जा सकतीं। कुटलैहड़ की जनता जानती है कि क्षेत्र में विकास कार्य किस सरकार के समय स्वीकृत हुए और किसने उन्हें धरातल पर उतारने के प्रयास किए।

उन्होंने कहा कि स्थानीय विधायक के पास बताने के लिए कोई नया विकास कार्य नहीं है और उनका ध्यान केवल हैंडपंपों में मोटर डालने तक सीमित रह गया है। वीरेंद्र कंवर ने सलाह दी कि हैंडपंपों में मोटर लगवाने के साथ-साथ विधायक मुख्यमंत्री से रुके हुए विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाने की मांग करें तथा क्षेत्र की बदहाल सड़कों की मरम्मत करवाकर जनता को राहत दिलाएं।

बिहड़ू कानूनगो सर्किल व पटवार सर्किल बहाल करने की मांग

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि भाजपा सरकार के समय कानूनगो सर्किल बिहड़ू, पटवार सर्किल परोइयां, बल्ह, चुल्हड़ी और क्यारियां में चार पटवार सर्किल व तयूडी बदोली पटवार वृत शुरू करवाए गए थे, जिन्हें वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया। उन्होंने स्थानीय विधायक से इन पटवार सर्किलों को दोबारा शुरू करवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को इनकी आवश्यकता नहीं लगती, तो जनता को इसका स्पष्ट जवाब देना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल