बाथू में 17.32 करोड़ से बनेगा टूल रूम प्रोजेक्ट, केंद्र सरकार से पहली किस्त जारी करने को सैद्धांतिक मंजूरी

 


ऊना, 09 नवंबर (हि.स.)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के बाथू में करीब 17.32 करोड़ रुपये की लागत से टाहलीवाल जनरल इंजीनियरिंग क्लस्टर का टूल रूम प्रोजेक्ट स्थापित किए जाने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। करीब एक दशक से लंबित इस महत्वाकांक्षी परियोजना को अब अंजाम तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। इसके शुरू होने से टाहलीवाल औद्योगिक क्षेत्र सहित आसपास के उद्योगपतियों को बड़ी राहत और लाभ मिलने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार की ओर से परियोजना के लिए भूमि उपलब्ध करवाने के साथ करीब तीन करोड़ रुपये का योगदान दिए जाने के बाद अब केंद्र सरकार ने भी ग्रांट की पहली किस्त जारी करने के अनुरोध को सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान कर दी है। भारत सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय के विकास आयुक्त कार्यालय ने 9 नवंबर को हिमाचल प्रदेश के उद्योग निदेशक को पत्र जारी कर इसकी जानकारी दी है।

पत्र के अनुसार केंद्र सरकार की पहली किस्त जारी करने के लिए सक्षम प्राधिकारी ने सहमति दे दी है। हालांकि, इसके लिए त्रिपक्षीय समझौते, खरीद समिति के गठन, प्लांट एवं मशीनरी की खरीद प्रक्रिया, एसपीवी के अंशदान और राज्य सरकार के मैचिंग शेयर सहित कुछ आवश्यक दस्तावेज और औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी। इसके अतिरिक्त भवन निर्माण और मशीनरी की खरीद की स्थिति की संयुक्त सत्यापन रिपोर्ट तथा सीए से प्रमाणित मदवार व्यय विवरण भी प्रस्तुत करना होगा।

इस परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री लंबे समय से प्रयासरत थे। करीब दस वर्षों से विभिन्न स्तरों पर चल रही प्रक्रिया और प्रयासों के बाद अब केंद्र से पहली किस्त जारी करने की सैद्धांतिक स्वीकृति मिलना क्षेत्र के औद्योगिक विकास के लिहाज से अहम उपलब्धि माना जा रहा है।

टूल रूम प्रोजेक्ट स्थापित होने से क्षेत्र के उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। इससे उद्योगपतियों को मशीनरी और टूलिंग से संबंधित कार्यों में स्थानीय स्तर पर सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही औद्योगिक इकाइयों की उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने में भी मदद मिलेगी। यह परियोजना हरोली क्षेत्र में औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल