सड़क पर एसपी ऊना, ट्रैफिक व्यवस्था का लिया जायजा

 


ऊना, 16 जुलाई (हि.स.)। जिला पुलिस ऊना ने शहर की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने की दिशा में पहल करते हुए गुरुवार को ऊना बाजार और आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने पुलिस थाना सदर ऊना के अंतर्गत आने वाले बाजार क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के दोनों ओर पैदल भ्रमण कर यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था तथा लोगों को आने वाली समस्याओं का मौके पर जाकर जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिला प्रशासन द्वारा घोषित नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन में प्रशासनिक आदेशों के पालन की भी समीक्षा की गई। एसपी ने यह देखा कि संबंधित निर्देशों का प्रभावी ढंग से पालन हो रहा है या नहीं तथा यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यक बिंदुओं पर अधिकारियों को निर्देश दिए।

इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों, दुकानदारों, स्थानीय नागरिकों और राहगीरों से बातचीत कर उनकी समस्याएं और सुझाव भी सुने। उन्होंने कहा कि यदि किसी के पास यातायात व्यवस्था में सुधार या प्रशासनिक आदेशों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर कोई व्यवहारिक एवं रचनात्मक सुझाव है तो जिला पुलिस उसका स्वागत करेगी और उपयोगी सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

एसपी ने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के साथ-साथ आमजन का सहयोग भी जरूरी है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा नो पार्किंग और नो वेंडिंग जोन से संबंधित प्रशासनिक निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव कुमार भाटिया, थाना प्रभारी सदर ऊना, पुलिस चौकी शहर ऊना के प्रभारी तथा यातायात प्रभारी भी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल