शहीदों की याद में प्रेस क्लब रोपेगा पौधे, कारगिल दिवस पर होगा कार्यक्रम
ऊना, 23 जुलाई (हि.स.)। कारगिल युद्ध के वीर शहीदों की स्मृति को नमन करने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रेस क्लब हरोली द्वारा 26 जुलाई रविवार को कारगिल विजय दिवस पौधारोपण अभियान का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम प्रातः 11 बजे प्रेस क्लब हरोली परिसर, टाहलीवाल में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियां, समाजसेवी, पत्रकार और पर्यावरण प्रेमी भाग लेंगे।
जानकारी देते हुए प्रेस क्लब हरोली के अध्यक्ष नारायण प्रभाकर ने बताया की कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक (एसपी) ऊना सचिन हिरेमठ (आईपीएस) होंगे। वहीं नगर पंचायत टाहलीवाल की अध्यक्ष निरजना राणा, हरोली उद्योग इंडस्ट्री एसोसिएशन (एचबीआईए) के अध्यक्ष राकेश कौशल तथा हिमोत्कर्ष परिषद, हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष जितेन्द्र कंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
उन्होने बताया की कार्यक्रम के दौरान कारगिल युद्ध में देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदो को श्रद्धासुमन अर्पित किए जाएंगे जिसमें हरोली विधानसभा के शहीदो के परिवार शामिल होंगे इसके उपरांत एक पेड़ शहीद के नाम – हरियाली हमारा प्रण अभियान के तहत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा।
प्रेस क्लब हरोली द्वारा क्षेत्र के पत्रकारों, उद्योगपतियों, जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, युवाओं एवं आम नागरिकों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है। आयोजकों का कहना है कि शहीदों के सम्मान में लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा और प्रकृति संरक्षण का प्रतीक बनेगा। कार्यक्रम के माध्यम से देशभक्ति, सामाजिक उत्तरदायित्व और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संदेश भी दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल