14 करोड़ रुपये से होगा समनाल-पूबोवाल-बालीवाल लिंक रोड का कायाकल्प, ब्लैक स्पॉट होंगे खत्म
ऊना, 19 अगस्त (हि.स.)। पोलियां में निर्माणाधीन बल्क ड्रग पार्क को बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध करवाने के लिए लोक निर्माण विभाग हरोली युद्धस्तर पर जुटा हुआ है। इसी कड़ी में समनाल से पूबोवाल वाया बालीवाल लिंक रोड को करीब 14 करोड़ रुपये की लागत से स्तरोन्नत किया जाएगा। सड़क के स्तरोन्नयन को लेकर विभागीय स्तर की सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और अब करीब 10 दिनों के भीतर निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद है।
करीब 11.5 किलोमीटर लंबी इस सड़क के स्तरोन्नयन से क्षेत्र के लोगों के साथ-साथ बल्क ड्रग पार्क तक आने-जाने वाले वाहनों को भी बेहतर सुविधा मिलेगी। सड़क को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित करने के साथ-साथ मार्ग में चिन्हित ब्लैक स्पॉट को भी समाप्त किया जाएगा, जिससे सड़क हादसों पर प्रभावी नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
परियोजना के तहत पूबोवाल खड्ड पर करीब 38 मीटर लंबा पुल भी बनाया जाएगा। पुल के निर्माण से बरसात के दौरान आवाजाही में आने वाली दिक्कतें दूर होंगी और क्षेत्र को बेहतर संपर्क सुविधा मिलेगी।
लोक निर्माण विभाग हरोली द्वारा बल्क ड्रग पार्क से जुड़ी सड़कों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सड़क के स्तरोन्नयन और पुल निर्माण से क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी सुरक्षित एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
लोक निर्माण विभाग हरोली के एक्सियन नितिन चौधरी के कहना है कि समनाल से पूबोवाल को बाया बालीवाल से जाने वाले लिंक रोड़ को 14 करोड़ से स्तरोन्नत किया जाएगा। जिसकी सभी विभागीय औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। 10 से 15 दिन में इसका कार्य शुरू कर दिया जाएगा। रोड़ को मटीरियल गुणवत्ता के साथ–साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी बेहतर बनाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल