हरोली बस स्टैंड की वर्षा शालिका अब कॉलेज के सामने देगी छांव
ऊना, 24 सितंबर (हि.स.)। हरोली बस स्टैंड में लगी वर्षा शालिका को अब प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री कॉलेज के सामने शिफ्ट किया जा रहा है। बस स्टैंड के नए भवन के तैयार होने के बाद अब यात्रियों को बस स्टैंड परिसर के अंदर से ही बसों में चढ़ाने और उतारने की व्यवस्था होगी। ऐसे में बस स्टैंड के बाहर लगी वर्षा शालिका को दूसरी जगह उपयोग में लाने का निर्णय लिया गया है।
वर्षा शालिका की छत को गुरुवार को हाइड्रा मशीन की सहायता से उठाकर हरोली कॉलेज के सामने पहुंचाया गया, जहां इसे दोबारा स्थापित किया जाएगा। इस पहल से पहले से उपलब्ध संसाधन का भी बेहतर इस्तेमाल होगा और नई वर्षा शालिका के निर्माण पर होने वाला खर्च भी बचाया जा सकेगा।
कॉलेज के सामने वर्षा शालिका स्थापित होने से इसका सीधा लाभ कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ सिविल अस्पताल हरोली में उपचार के लिए आने वाले मरीजों और उनके तीमारदारों को भी मिलेगा। बारिश और तेज धूप के दौरान यहां लोगों को बैठने और प्रतीक्षा करने के लिए छत की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
स्थानीय स्तर पर इसे पुराने संसाधनों के पुनः उपयोग की दिशा में एक उपयोगी कदम माना जा रहा है। विकास कार्यों के साथ-साथ पहले से मौजूद सुविधाओं को नए स्थान पर उपयोग में लाकर आम लोगों को सुविधा देने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल