पिपलू मेले में पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने की पूजा-अर्चना, बजाया पारंपरिक टमक

 


ऊना, 26 जून (हि.स.)। जिला स्तरीय तीन दिवसीय पिपलू मेले के अवसर पर पूर्व मंत्री एवं राष्ट्रीय बॉलीबॉल फेडरेशन के अध्यक्ष वीरेंद्र कंवर ने शुक्रवार को ऐतिहासिक नरसिंह नारायण मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। मंदिर में माथा टेकने के बाद उन्होंने भगवान नरसिंह नारायण का आशीर्वाद लिया और मेले में पहुंचे श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से आत्मीय मुलाकात की।

मंदिर पहुंचने पर मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों एवं स्थानीय श्रद्धालुओं ने वीरेंद्र कंवर का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया। इस दौरान मंदिर कमेटी ने उन्हें स्मृति चिन्ह, शॉल और हिमाचली टोपी भेंट कर सम्मानित किया। वीरेंद्र कंवर ने सम्मान के लिए मंदिर कमेटी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पीपलू मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता का प्रतीक है। ऐसे आयोजन लोगों में आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक विरासत के प्रति सम्मान को और अधिक मजबूत करते हैं।

पूजा-अर्चना के उपरांत वीरेंद्र कंवर ने अपने समर्थकों के साथ पारंपरिक टमक भी बजाया। टमक की गूंज से पूरा मेला परिसर भक्तिमय और उत्साहपूर्ण माहौल में सराबोर हो गया। उनके साथ मौजूद युवाओं और समर्थकों ने भी पारंपरिक वाद्य यंत्रों की थाप पर उत्साह व्यक्त किया। मेले में मौजूद लोगों ने इस दृश्य का भरपूर आनंद लिया और कई श्रद्धालुओं ने इस यादगार पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद किया।

मेले के दौरान वीरेंद्र कंवर ने बड़ी संख्या में समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों से मुलाकात की। लोगों ने फूल-मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया तथा उनके साथ स्मृति चित्र भी खिंचवाए। इस अवसर पर उन्होंने सामाजिक सौहार्द बनाए रखने का संदेश देते हुए कहा कि पीपलू मेला वर्षों से धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक पहचान का केंद्र रहा है, जहां सभी वर्गों के लोग एकजुट होकर परंपराओं को आगे बढ़ाते हैं। उन्होंने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण को सभी की सामूहिक जिम्मेदारी बताया।

कार्यक्रम के अंत में वीरेंद्र कंवर ने मंदिर कमेटी, प्रशासन एवं सभी श्रद्धालुओं को मेले के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं और भगवान नरसिंह नारायण से क्षेत्र की निरंतर उन्नति एवं सभी के सुखद भविष्य की प्रार्थना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल