रावमापा टक्का में सात दिवसीय एनएसएस शिविर संपन्न

 


ऊना, 05 नवंबर (हि.स.)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला टक्का में आयोजित सात दिवसीय राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का गुरुवार को समापन हो गया। समापन समारोह में जिला परिषद सदस्य सुमित शर्मा ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि विद्यालय के प्रधानाचार्य बलविंद्र कुमार विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रधानाचार्य बलविंद्र कुमार के नेतृत्व में स्कूल प्रबंधन ने मुख्यातिथि को स्मृतिचिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यातिथि सुमित शर्मा ने एनएसएस स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना विद्यार्थियों में समाजसेवा, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का बेहतरीन माध्यम है।

उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त अनुभव विद्यार्थियों के जीवन में उपयोगी साबित होंगे। उन्होंने स्वयंसेवियों को भविष्य में भी सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य बलविंद्र कुमार ने कहा कि सात दिवसीय शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न सामाजिक, शैक्षणिक और जागरूकता संबंधी गतिविधियों में भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को समाजसेवा के साथ-साथ अनुशासन, आपदा प्रबंधन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी भी दी गई।

एनएसएस अधिकारी प्रवीण कुमार ने शिविर की गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया और शिविर को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, शिक्षकों और स्वयंसेवियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीडीसी सदस्य रजनी देवी, पूर्व एसएमसी सदस्य जतिंद्र कुमार, महिला एनएनएस प्रभारी राज कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक और 62 एनएसएस स्वयंसेवी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल