कुटलैहड़ के 22 परिवारों को 1.61 लाख की मदद, विधायक ने सौंपे चेक
ऊना, 30 अगस्त (हि.स.)। कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के जोगी पंगा में विधायक विवेक शर्मा ने रविवार को 22 जरूरतमंद परिवारों को कुल 1 लाख 61 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए। इस दौरान विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ क्षेत्र की देव तुल्य जनता की सेवा करना उनका प्रमुख संकल्प है और समाज के जरूरत मंद परिवारों को आर्थिक रूप से सहयोग देने का सिलसिला लगातार जारी रहेगा।
विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के सामने कई बार ऐसी परिस्थितियां पैदा हो जाती हैं, जहां छोटी सी आर्थिक मदद भी उनके लिए बड़ी राहत साबित होती है। इसी उद्देश्य से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है, ताकि वे अपने परिवार का निर्वाहन करने के साथ-साथ अपनी आवश्यक जरूरतों को पूरा कर सकें।
उन्होंने कहा कि उनका प्रयास है कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र का कोई भी जरूरतमंद परिवार आर्थिक परेशानी के कारण स्वयं को असहाय महसूस न करे। विवेक शर्मा ने कहा कि कुटलैहड़ की जनता ने उन्हें जिस विश्वास के साथ अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राजनीति उनके लिए केवल पद नहीं बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। क्षेत्र के गरीब, असहाय और जरूरतमंद परिवारों की मदद करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है कि कुटलैहड़ क्षेत्र के हर जरूरतमंद परिवार तक आर्थिक सहायता पहुंचे, ताकि कोई भी परिवार अपनी मूलभूत जरूरतों को पूरा करने के लिए परेशान न हो। उन्होंने आश्वासन दिया कि जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक मदद देने का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल