राज्य एससी आयोग 5 मार्च को समूरकलां में लगाएगा विशाल जन-जागरूकता शिविर : कुलदीप कुमार

 


ऊना, 02 मार्च (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य अनुसूचित जाति आयोग 5 मार्च को ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के समूरकलां में एक विशाल जन-जागरूकता शिविर आयोजित करेगा। आयोग के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री कुलदीप कुमार धीमान ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति वर्ग के लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करना तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना है।

यह शिविर 5 मार्च को प्रातः 10 बजे से समूरकलां स्थित लता मंगेशकर कला केंद्र के सामने स्थित मंदिर मैदान में आयोजित किया जाएगा।

कुलदीप धीमान ने सोमवार को आयोग कार्यालय में ऊना एवं बंगाणा उपमंडलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में आयोग के सदस्य अधिवक्ता विजय डोगरा, अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा एवं अधिवक्ता शालिनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।धीमान ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन जागरूकता के अभाव में पात्र व्यक्ति इनका पूर्ण लाभ नहीं ले पाते। आयोग का प्रयास है कि अधिकारों और योजनाओं की जानकारी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे तथा लाभ प्राप्त करने की प्रक्रियाओं को सरल, स्पष्ट और सुगम बनाया जाए।

उन्होंने बताया कि आयोग प्रदेशभर में चरणबद्ध तरीके से ऐसे जन-जागरूकता शिविर आयोजित करेगा तथा समूरकलां में आयोजित यह शिविर इसी व्यापक अभियान की शुरुआत है। शिविर में लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों एवं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी मौके पर ही दिया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल