मैगी के 50 साल पूरे होने पर डाक टिकट जारी

 


ऊना, 25 फ़रवरी (हि.स.)। पूरे विश्वभर में मशहूर नैस्ले कंपनी की टू मिनट्स मैगी नूडल्स ने भारत में 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं। हिमाचल प्रदेश के टाहलीवाल में स्थित नैस्ले प्लांट में बुधवार को इस उपलक्ष्य पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें जिलाधीश ऊना जतिन लाल ने मुख्यातिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कंपनी के फैक्टरी मैनेजर अमित कुमार विशेष रूप से मौजूद रहे।

इस दौरान नैस्ले कंपनी ने विशेष डाक टिकट जारी किया, जिसका अनावरण डीसी ऊना एवं एफएम अमित कुमार ने किया। इस विशेष टिकट को फिफ्टी ईयर्स ऑफ टू-गेदरनेस नाम दिया गया है, जो अपनापन, सुकून और जुड़ाव को दर्शाता है।

उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि मैगी ने पिछले पांच दशकों में भारत के हर घर में अपनी खास पहचान बनाई है। यह केवल एक खाद्य उत्पाद ही नहींए बल्कि लोगों की जीवनशैली का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने कहा कि मैगी के 50 वर्ष पूरे होने पर डाक टिकट जारी किया जाना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उन्होंने नेस्ले इंडिया द्वारा क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, रोजगार सृजन और सामाजिक कार्यो में दिए जा रहे योगदान की भी सराहना की। नेस्ले इंडिया के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मनीष तिवारी ने कहा कि भारत में मैगी के लिए यह वास्तव में एक विशेष उपलब्धि है। हमारे जैसे जीवंत और विविधतापूर्ण देश में पाँच दशकों का सफर तय करना उस विश्वास, स्नेह और रोज़मर्रा के प्रेम का प्रतीक है, जो लाखों उपभोक्ताओं ने इस ब्रांड पर निरंतर बरसाया है।

उन्होंने कहा कि यह विशेष डाक टिकट मैगी की 50 वर्ष की यात्रा और भारतीय परिवारों से उसके जुड़ाव को दर्शाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल