कोटि महायज्ञ संपन्न: हेमानंद महाराज ने डाली पूर्णाहुति
ऊना, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम नारी (ऊना) में पंचभीष्म महापर्व पर आयोजित कोटि गायत्री महायज्ञ मंगलवार को पूर्णाहुति के साथ संपन्न हो गया। डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 वेदांताचार्य विद्यालंकार हेमानंद महाराज ने महायज्ञ की पूर्णाहुति डाली। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और विधायक विवेक शर्मा विक्कू विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी हेमानंद महाराज के साथ यज्ञशाला में पूर्णाहुति अर्पित की।
महायज्ञ के अंतिम दिन डेरा परिसर में हजारों श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। सुबह करीब सवा चार बजे से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। अखंड धूने पर माथा टेकने और हेमानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे परिसर में बाबा रुद्रानंद और अखंड धूने के जयकारे गूंजते रहे।
इससे पहले सुबह यज्ञशाला में वाराणसी से पहुंचे विद्वानों ने वेद माता गायत्री की विधिवत पूजा-अर्चना करवाई, जिसमें यजमान प्रदीप शर्मा ने भाग लिया। दोपहर करीब सवा 12 बजे डेरा अधिष्ठाता हेमानंद महाराज उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के साथ यज्ञशाला पहुंचे। यहां आचार्य लोकेन्द्र शर्मा ने वैदिक विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। इसके बाद हेमानंद महाराज ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति डाली।
पूर्णाहुति के बाद हेमानंद महाराज अखंड धूने के बाहर अपने सिंहासन पर विराजमान हुए, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने उनके दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने भी अखंड धूने पर माथा टेका और महाराज जी से आशीर्वाद लिया। इससे पहले सुबह करीब साढ़े 11 बजे डेरा पहुंचने पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा, प्रवेश शर्मा और जीवन शर्मा ने स्वागत किया।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि डेरा बाबा रुद्रानंद धाम उत्तर भारत का एक श्रेष्ठ धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र है। यह सनातन संस्कृति, साधना और अध्यात्म की समृद्ध परंपराओं का महत्वपूर्ण स्थल है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु आध्यात्मिक शांति और साधना के लिए पहुंचते हैं।
उपमुख्यमंत्री ने महायज्ञ में पूर्णाहुति डालकर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। उन्होंने हेमानंद महाराज से आशीर्वाद प्राप्त करते हुए आयोजन की सफलता के लिए डेरा प्रबंधन और आयोजन समिति को बधाई दी।
महायज्ञ के अंतिम दिन हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक करनैल राणा ने भजन संध्या में अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। सुबह 11 बजे मंच संभालने के बाद उन्होंने लगातार भजनों की प्रस्तुति देकर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु उनके भजनों पर झूमते नजर आए।
पंचभीष्म महापर्व के उपलक्ष्य में डेरा में देसी घी से तैयार खिचड़ी का भंडारा लगाया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। विभिन्न सेवक मंडलों के सदस्यों ने लंगर और बर्तन सेवा में सहयोग दिया। भूतपूर्व सैनिकों के दल ने आश्रम की व्यवस्थाओं को संभाला, जबकि सेवादारों ने यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाई। छोटे और बड़े वाहनों के लिए आश्रम के बाहर अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई थी।
महायज्ञ के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से निःशुल्क चिकित्सा शिविर भी लगाया गया। इसमें करीब 3 हजार रोगियों के स्वास्थ्य की जांच की गई और उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में डॉ. शिव पाल, मोहन लाल और विपिन शर्मा ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल