कांगड़ स्कूल को स्टेट अवार्ड, सीएम ने किया सम्मानित
ऊना, 06 जून (हि.स.)। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कांगड़ के अशोका इको क्लब को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राजधानी शिमला में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदान किया गया। ये सम्मान प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ स्कूल के क्लब प्रभारी जोगिंद्र कौशल को प्रदान किया। इस दौरान उनके साथ विद्यालय के प्रधानाचार्य कमलजीत, ग्राम पंचायत कांगड़ के प्रधान विनोद कुमार बिट्टू, प्रवक्ता जीव विज्ञान सर्वजीत सिंह तथा प्रवक्ता शारीरिक शिक्षा अरुण शर्मा भी मौजूद रहे।
यह सम्मान इको क्लब द्वारा पूरे शैक्षणिक सत्र के दौरान पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए सराहनीय कार्यों के आधार पर प्रदान किया गया। क्लब ने पौधारोपण, जल संरक्षण, कचरा प्रबंधन, जैव विविधता संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पर्यावरण जागरूकता कार्यक्रम, पर्यावरण दिवसों के आयोजन, पौधों की देखभाल तथा विद्यालय परिसर की सुंदरता बढ़ाने जैसे अनेक उल्लेखनीय कार्य किए।
प्रधानाचार्य कमलजीत ने इस उपलब्धि पर क्लब प्रभारी जोगिंदर कौशल, इको क्लब टीम और विद्यालय के सभी स्टाफ सदस्यों को बधाई देते हुए इसे पूरे विद्यालय परिवार के लिए गौरव का विषय बताया।
वहीं, ग्राम पंचायत कांगड़ के नवनिर्वाचित प्रधान विनोद कुमार बिट्टू तथा एसएमसी प्रधान पूनम देवी ने भी विद्यालय प्रशासन, इको क्लब प्रभारी, स्टाफ और क्लब से जुड़े सभी विद्यार्थियों को इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सम्मान विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति और अधिक जागरूक एवं प्रेरित करेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल