श्रीनगर में हिमाचल का जवान बलिदान
ऊना, 01 मार्च (हि.स.)। विधानसभा क्षेत्र हरोली के गांव घालूवाल के जवान मनीष कुमार श्रीनगर में ड्यूटी के दौरान बलिदान गए। देश सेवा के दौरान वीरगति को प्राप्त हुए जवान की शहादत से पूरा इलाका गमगीन हो गया और हर आंख नम नजर आई।
शहीद मनीष कुमार पुत्र रामपाल लंबे समय से सीआरपीएफ में रहकर देश की सेवा कर रहे थे और वर्तमान में श्रीनगर में तैनात थे। बलिदान जवान का अंतिम संस्कार रविवार को मोक्षधाम घालूवाल में पूरे राजकीय सम्मान और नम आंखों के बीच किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोग उमड़े और अपने वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी।
बताया जा रहा है कि मनीष कुमार ने हाल ही में नया घर बनवाया था और आगामी अप्रैल माह में गृहप्रवेश का कार्यक्रम रखा जाना था, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। खुशियों से भरने वाला वह घर अब वीर सपूत की यादों का साक्षी बन गया है।
बलिदानी मनीष कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गए हैं। उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पूरे क्षेत्र के लोग शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं और वीर जवान की शहादत को नमन कर रहे हैं। मनीष कुमार मूलतः बंगाणा उपमंडल के गांव क्यारियां के रहने वाले हैं लेकिन कई सालों से ये अपने परिवार के साथ घालूवाल में ही रह रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल