उपमुख्यमंत्री ने नवाजी उत्तर भारत की विभूतियां, हिमूतकर्ष के वार्षिक समारोह में मिला सम्मान

 


ऊना, 01 मार्च (हि.स.)। हिमोत्कर्ष साहित्य,संस्कृति एवं जनकल्याण परिषद का 52वां राज्य स्तरीय वार्षिक अधिवेशन रविवार को एलजेएन हिमोत्कर्ष राजकीय कन्या महाविद्यालय कोटला खुर्द परिसर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित हुए। जबकि कार्यक्रम में पूर्व विधायक ओपी रत्न व ब्रिगेडियर (से.नि.) राजीव ठाकुर विशिष्टातिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री, विशिष्टातिथि पूर्व विधायक ओपी रत्न व ब्रिगेडियर (से.नि.) राजीव ठाकुर ने उत्तर भारत की 6 विभूतियों को हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता व तीन विभूतियों को हिमोत्कर्ष हिमाचलश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। समारोह में स्व.आयशा पटियाल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति के अंर्तगत प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से बीएससी माईक्रोबायोलोजी की टापर दीपिका को 25 हजार रूपए छात्रवृति,स्वर्ण पदक व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

जिला ऊना से प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षा में प्रथम 10 स्थानों पर रहने वाले 37 मेधावी विद्यार्थियों तथा जमा दो कक्षा के 22 विद्यार्थियों को स्व.संतोष कंवर स्मारक हिमोत्कर्ष मेधावी छात्रवृति के अंर्तगत एक-एक हजार नगद छात्रवृति, प्रशस्ति पत्र व स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया गया। समारोह में हिमोत्कर्ष अमोदिनी महिला सशक्तिकरण प्रकल्प के तहत 68 पात्र विधवाओं को 153000 रूपए का राशन प्रदान किया गया। कार्यक्रम में कुष्ठ आश्रम ऊना को 11 हजार रूपए की आर्थिक मदद उपलब्ध करवाई गई। एक किडनी रोगी सूजल को एक साल के लिए 2 हजार रूपए प्रतिमाह की मदद शुरू की गई,जबकि रोड़ा गांव के सोहन सिंह व सलोह गांव के सुभाष को व्हील चेयर प्रदान की गई। कार्यक्रम में संस्था ई-नोज कंपयुटर कार्यक्रम के उतीर्ण 60 अभ्यर्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।

कार्यक्रम को मुख्यातिथि मुकेश अग्रिहोत्री ने संबोधित किया तथा परिषद के जनकल्याण कार्यो की जमकर सराहना की। कार्यक्रम विशिष्टातिथि पूर्व ओपी रत्न व ब्रिगेडियर (से.नि.) राजीव ठाकुर तथा परिषद के प्रदेशाध्यक्ष जतिंद्र कंवर ने भी समारोह को संबोधित किया। कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष महिला मंच की सदस्यों ने वंदे मातरम व हिमोत्कर्ष प्रशिक्षण संस्थान की छात्राओं ने राष्ट्रगान की प्रस्तूति दी। कार्यक्रम में मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्रिहोत्री,विशिष्टातिथि पूर्व विधायक ओपी रत्न व ब्रिगेडियर (से.नि.) राजीव ठाकुर,ओपी रत्न व अन्य विशिष्टजनों को परिषद सदस्यों ने स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित भी किया।

राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कारों के तहत कांगड़ा के शाहपुर से शहीद सूबेदार मेजर पवन कुमार,सेना मेडल (वीरता) को अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता(शौर्य)पुरस्कार (मरणोपरांत),ऊना के बाथू से बीएसएफ से सेवानिवृत सब इंस्पेक्टर व्यास देव को अमर शहीद कैप्टन अमोल कालिया स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता (राष्ट्र्र समर्पण एवं प्रेरणास्त्रोत) पुरस्कार,पुष्पा राणा,उपकप्तान भारतीय महिला कबडडी टीम को स्व.इंजीनियर मनमोहन सिंह कुंवर एवं प्रोमिला कंवर स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार (श्रेष्ठ युवा प्रतिभा खेल)पुरस्कार,डा.संजीव शर्मा, राज्य प्रमुख,पंजाब केसरी टीवी, हिमाचल प्रदेश को अमर शहीद लाला जगत नारायण स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता श्रेष्ठ पत्रकारिता पुरस्कार,डा.अनिकेता शर्मा सहायक प्रोफेसर डा.वाईएस परमार राजकीय मेडिकल कालेज नाहन को स्व.इंजीनियर पंडित राम शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता पुरस्कार (आयूष आर्युविज्ञान)पुरस्कार तथा हिमाचल मंडी जनकल्याण सभा (पंजीकृत)दिल्ली को स्व.डा.डीआर गर्ग स्मारक हिमोत्कर्ष राष्ट्रीय एकात्मकता उत्कृष्ट नेत्र आयुर्विज्ञान पुरस्कार से सम्मानित किया गया। शहीद पवन कुमार की धर्मपत्नि सुषमा देवी,माता किस्सो देवी व पुत्र अभिषेक ने यह पुरस्कार प्राप्त किया।

झारखंड न्यायिक सेवा में जिला जज के पद पर चयनित ऊना के डंगोली गांव के शिव करण राणा को स्व.रोशन लाल शर्मा स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचलश्री शान-ए-ऊना पुरस्कार, चंडीगढ़ की हिमाचल महासभा को स्व.संतोष कंवर एवं स्व.कंवर हरिसिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचलश्री (उत्कृष्ट समाज सेवी संस्था) पुरस्कार तथा लेखक श्याम लाल शर्मा सेवानिवृत संयुक्त सचिव हिमाचल विधानसभा को राणा शमशेर सिंह स्मारक हिमोत्कर्ष हिमाचलश्री श्रेष्ठ लेखन, साहित्य एवं संस्कृति पुरस्कार से अलंकृत किया गया। जिला जज शिव करण राणा का पुरस्कार उनके बड़े भाई बहादुर सिंह राणा ने प्राप्त किया।

बीएससी माइक्रोबायोलोजी स्टेट टापर को 25 हजार स्कोलरशिप

कार्यक्रम में स्व.आयशा पटियाल स्मारक हिमोत्कर्ष छात्रवृति के तहत हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला से बीएससी माईक्रोबायोलोजी में प्रदेश में टाप करने वाली छात्रा दीपिका पुत्री भुवनेश्वरी एवं रोशन लाल,निवासी शिमला को 25000 रूपए नकद छात्रवृति,स्वर्ण पदक व प्रमाण पत्र से सम्मानित किया गया।

59 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक,प्रशस्ति पत्र व छात्रवृति

कार्यक्रम में प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा में जिला ऊना में प्रथम 10 स्थानों पर रहने वाले 37 विद्यार्थियों व जमा दो के 22 मेधावी विद्यार्थियों को स्व.संतोष कंवर हिमोत्कर्ष छात्रवृति योजना के तहत एक-एक हजार रूपए नकद छात्रवृति,सम्मान पत्र तथा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्यातिथि मुकेश अग्रिहोत्री ने 68 पात्र विधवाओं को हिमोत्कर्ष अमोदिनी प्रकल्प के तहत 153000 रूपए का तीन-तीन माह का राशन वितरित किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल