हरोली को मिली बड़ी सौगात, उपमंडलीय पशु चिकित्सालय की अधिसूचना जारी

 


ऊना, 02 जून (हि.स.)। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से हरोली को एक ओर बड़ी सौगात मिली है। ये सौगात क्षेत्र के पशुपालकों और किसानों के लिए किसी वरदान से कम नही है और इसका सीधा लाभ पशुपालकों ओर किसानों को मिलेगा। हिमाचल प्रदेश सरकार ने हरोली स्थित पशु चिकित्सालय को उपमंडलीय पशु चिकित्सालय के रूप में स्तरोन्नत करने की अधिसूचना जारी कर दी है। इस फैसले से पूरे हरोली क्षेत्र में पशु स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।

सरकार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार अस्पताल में सीनियर वेटरिनरी ऑफिसर तथा चीफ वेटरिनरी फार्मासिस्ट के नए पद सृजित कर भरे जाएंगे। इससे अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होंगी और पशुपालकों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं अपने क्षेत्र में ही मिल सकेंगी।

इस उन्नयन के बाद हरोली के अलावा आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के पशुपालकों को भी लाभ मिलेगा। पशुओं के उपचार, टीकाकरण, रोग नियंत्रण तथा अन्य स्वास्थ्य सेवाओं में तेजी आएगी, जिससे दुग्ध उत्पादन और पशुपालन व्यवसाय को भी बढ़ावा मिलेगा।

क्षेत्र के लोगों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पशुपालक शिंदर सिंह, सतनाम सिंह बिक्की, जिंदर सिंह, जिप सदस्य सुलिंदर पाल कौर, केवल सिंह, हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री, पूबोवाल के नवनिर्वाचित प्रधान सुमन लम्बड, उपप्रधान पुष्पिंदर सीधर, देवकीनंदन, अजय कुमार, मुल्खराज, कपिल कुमार ने इसे पशुपालकों और किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है। उनका कहना है कि लंबे समय से अस्पताल को अपग्रेड करने की मांग उठाई जा रही थी, जो अब पूरी हो गई है।

वहीं स्थानीय लोगों का मानना है कि उपमंडलीय स्तर का अस्पताल बनने से आधुनिक सुविधाएं और विशेषज्ञ चिकित्सकीय सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे पशुपालन क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी। यह निर्णय हरोली क्षेत्र के ग्रामीण विकास और पशुपालकों की आर्थिक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल