कोटि गायत्री महायज्ञ में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, विधायक सतपाल सत्ती ने टेका माथा

 




ऊना, 22 नवंबर (हि.स.)। उत्तर भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल डेरा बाबा रुद्रानंद धाम नारी (ऊना) में पंचभीष्म महापर्व के उपलक्ष्य में आयोजित कोटि गायत्री महायज्ञ के सातवें दिन रविवार को श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। दिनभर डेरा परिसर में भक्तों का तांता लगा रहा। इस दौरान विभिन्न स्थानों से संत-महात्माओं ने धाम में पहुंचकर अखंड धूने पर शीश नवाया और डेरा के अधिष्ठाता श्री श्री 1008 हेमानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

रविवार सुबह करीब 9 बजे हेमानंद महाराज अखंड धूने पर अपने आसन पर विराजमान हुए। इसके बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अखंड धूने पर माथा टेककर उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर रामपुर दातारपुर (पंजाब) से महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 रमेश दास जी महाराज और स्वामी विकासानंद जी महाराज भी धाम पहुंचे। श्री बाबा रुद्रानंद जी ट्रस्ट के सचिव परवीन शर्मा, प्रवेश शर्मा और भूपिंदर ने दोनों संतों का वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच फूलमलाएं पहनाकर स्वागत किया। संतों ने अखंड धूने पर शीश नवाया, हेमानंद महाराज को नमन किया और यज्ञशाला की परिक्रमा की।

वहीं, ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल भाजपा के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती भी अपनी धर्मपत्नी के साथ महायज्ञ में शामिल हुए। उन्होंने अखंड धूने पर माथा टेककर हेमानंद महाराज से आशीर्वाद लिया तथा यज्ञशाला की परिक्रमा की। रविवार शाम को महंत सूरज गिरी जी महाराज, नवांशहर (पंजाब) से डॉ. मुनीश वासुदेवा और नूरपुर बेदी से अमोलिका नंद महाराज ने भी धाम में पहुंचकर माथा टेका और धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया।

उधर, वृंदावन से पहुंचे प्रसिद्ध कथावाचक लक्ष्मी नारायण तिवारी शास्त्री ने भागवत कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर किया। कथा से पहले अमेरिका (यूएसए) से पहुंचे भागवत कथा के यजमान कुलभूषण शर्मा ने व्यासपीठ की आरती उतारी। इसके बाद शास्त्री ने भागवत से जुड़े विभिन्न प्रसंग सुनाए और ब्रज के प्रसिद्ध भजनों 'ब्रज में रतन राधिका गोरी, मैं गोवर्धन को जाऊं री' तथा 'गोवर्धन महाराज तेरे माथे मुकुट विराज रहियो' की प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। भागवत कथा का 23 नवंबर को विराम दिवस होगा, जिसमें वेदांताचार्य हेमानंद महाराज भी श्रद्धालुओं को भागवत महिमा का श्रवण करवाएंगे।

महायज्ञ के तहत यज्ञशाला में चौथे दिन भी वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच आहुतियां डालने का क्रम जारी रहा। सुबह करीब 9 बजे काशी से आए आचार्य लोकेंद्र शर्मा ने वेद माता गायत्री की पूजा-अर्चना करवाई। इस दौरान दुबई से पहुंचे यजमान प्रदीप शर्मा ने पूजा में भाग लिया। इसके बाद हवन कुंड में आहुतियां अर्पित की गईं। शाम के सत्र में हेमानंद महाराज भी यज्ञशाला पहुंचे और वैदिक मंत्रों के साथ हवन कुंड में आहुतियां डालीं।

पंचभीष्म महापर्व के अवसर पर 24 नवंबर को कोटि गायत्री महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी। इसे देखते हुए बाहरी राज्यों से श्रद्धालुओं का धाम पहुंचना लगातार जारी है। रविवार को भक्तों ने धर्मद्वार, निर्वाण समाधियों, प्राचीन पीपल वृक्ष और यज्ञशाला की परिक्रमा कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

महायज्ञ के चलते पूरे डेरा परिसर को विशेष रूप से सजाया गया है। रात के समय रंग-बिरंगी रोशनी से धाम जगमगा उठता है, जिससे यहां का धार्मिक वातावरण और भी आकर्षक हो गया है। पूर्णाहुति को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल