पहले चरण में 86 पंचायतों के लिए होगा मतदान, सुबह 7 से सायं 3 बजे तक डलेंगी वोट
ऊना, 25 मई (हि.स.)। जिला ऊना में पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। चुनाव प्रक्रिया को सफलतापूर्वक आयोजित करने हेतु जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की हैं। जिला में मंगलवार को प्रथम चरण में होने वाले चुनावों को लेकर पोलिंग पार्टियों अपने गंतव्य स्थलों के लिए रवाना हो चुकी हैं।
जिला में पंचायत चुनाव तीन चरणों में आयोजित किए जाएंगे। प्रत्येक चरण में मतदान प्रक्रिया प्रातः 7 बजे से आरंभ होकर सायं 3 बजे तक चलेगी। मतदान संपन्न होने के उपरांत संबंधित पंचायतों के निर्धारित केंद्रों पर प्रधान, उपप्रधान तथा वार्ड सदस्यों के मतपत्रों की मतगणना की जाएगी।
इसके अतिरिक्त जिला परिषद तथा पंचायत समिति सदस्यों के लिए डाले गए मतों की गणना 31 मई को निर्धारित मतगणना केंद्रों पर की जाएगी। प्रशासन ने चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुचारू रूप से सम्पन्न करवाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए हैं।
जिला ऊना में पहले चरण में 26 मई को सभी उप मंडलों की कुल 86 ग्राम पंचायतों में मतदान होगा। इनमें उपमंडल अम्ब की 19, बंगाणा की 19, गगरेट की 14, ऊना की 18 तथा हरोली की 16 ग्राम पंचायतें शामिल हैं।
तीन चरणों में कुल 3,78, 021 मतदाता करेंगे अपने मत का प्रयोग
जिला निर्वाचन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला ऊना में कुल 3,78,021 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 1,90,767 पुरुष, 1,87,252 महिला तथा 2 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि जिला में कुल 249 पंचायतों में से अब 244 पंचायतों में चुनाव होंगे। जिला में कुल 2,139 पंचायत पदाधिकारियों का निर्वाचन किया जाना था, जिनमें से 706 प्रतिनिधि निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब शेष 1,433 पदों के लिए मतदान करवाया जाएगा। इसके अतिरिक्त जिला की 5 पंचायतें पूर्ण रूप से निर्विरोध चुनी गई हैं, जिनमें पंडोगा लोअर, जाखेवाल, बीनेवाल, उदयपुर तथा बोहरू पंचायत शामिल हैं।
उपायुक्त ने बताया कि जिला ऊना में कुल 4,049 प्रत्याशी विभिन्न पदों के लिए चुनावी रण में मौजूद हैं। इनमें 45 जिला परिषद सदस्य, 416 पंचायत समिति सदस्य, 849 प्रधान, 930 उपप्रधान तथा 1,809 वार्ड सदस्य शामिल हैं।
जिला ऊना के तमाम मतदान बूथों में से 669 मतदान बूथ संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेणी में चिन्हित किए गए हैं। वहीं, जिला के सभी मतदान केंद्रों में से 149 मतदान केंद्र संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेणी में हैं। इनमें 93 संवेदनशील और 56 अति संवेदनशील मतदान केंद्र शामिल हैं।
इसके अलावा जिला में 101 मतगणना केंद्र संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेणी में हैं। इनमें 64 मतगणना केंद्र संवेदनशील और 37 अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। साथ ही, जिला परिषद और पंचायत समिति के 5 मतगणना केंद्रों को भी संवेदनशील और अति संवेदनशील की श्रेणी में चिन्हित किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि मतदान वाले दिन मतदाताओं को अपनी पहचान के लिए वोटर आईडी कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। यदि किसी मतदाता के पास वोटर आईडी कार्ड उपलब्ध नहीं है तो निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 17 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों में से किसी एक दस्तावेज को प्रस्तुत करना आवश्यक होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल