हरोली में भव्यता के साथ मनाई प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती, गुरदास मान की प्रस्तुति ने बांधा समां

 


ऊना, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की जयंती के अवसर पर मंगलवार को प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में भव्य स्मृति एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में सुबह से ही लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था और देखते ही देखते महाविद्यालय परिसर हजारों लोगों से भर गया। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के कारण आयोजन स्थल पर उपलब्ध स्थान भी कम पड़ गया। लोगों ने पूरे उत्साह और आत्मीयता के साथ समारोह में भाग लेते हुए प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री को श्रद्धापूर्वक याद किया।

उपमुख्यमंत्री श्री मुकेश अग्निहोत्री ने कॉलेज परिसर में स्थापित प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री की स्मृतियां आज भी हर हरोलीवासी के हृदय में जीवंत हैं। उनका अपनत्व, जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्परता और सुख-दुख में लोगों के साथ खड़े रहने का भाव उन्हें क्षेत्रवासियों के बीच विशेष रूप से आत्मीय बनाता था। उनकी जयंती पर बड़ी संख्या में लोगों का एकत्र होकर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद करना, प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री के प्रति क्षेत्रवासियों के गहरे स्नेह और सम्मान को दर्शाता है।

समारोह की विशेषता रही कि मंच के ठीक सामने महाविद्यालय और स्कूलों की छात्राओं को बैठाया गया, जबकि अन्य गणमान्य अतिथियों के लिए अलग व्यवस्था की गई थी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री का जीवन बच्चों और शिक्षा के लिए समर्पित रहा। इसलिए यह कार्यक्रम भी बच्चों को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के वातावरण को और आगे बढ़ाना है तथा आने वाली पीढ़ी को बेहतर अवसर उपलब्ध करवाने हैं।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में लगभग 9.50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले साइंस ब्लॉक की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। नए विज्ञान भवन से विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी और महाविद्यालय में शिक्षा का वातावरण और बेहतर होगा। अगले वर्ष तक इस महाविद्यालय में विद्यार्थियों की 1000 से अधिक हो जाएगी।

समारोह का विशेष आकर्षण प्रसिद्ध पंजाबी गायक गुरदास मान की प्रस्तुति रही। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर तालियों और संगीत की गूंज से सराबोर रहा और लोग देर तक गीतों का आनंद लेते रहे।

उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरदास मान को सम्मानित करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि हरोली के लोगों को गुरदास मान जैसे महान कलाकार की प्रस्तुति सुनने का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि जिनके दर्शन के लिए लोग दूर-दूर तक लाइनों में खड़े होते हैं, आज वही गुरदास मान हरोली की जनता के बीच उपस्थित होकर उन्हें अपनी कला से रूबरू करवा रहे हैं। उन्होंने गुरदास मान को संगीत की दुनिया का महान कलाकार बताते हुए हरोली आने के लिए उनका आभार व्यक्त किया

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल