दंगल युवाओं को नशे से दूर रखने और खेलों से जोड़ने में निभा रहे अहम भूमिका: मुकेश अग्निहोत्री

 


ऊना, 28 नवंबर (हि.स.)। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार देर सायं दंगल कमेटी पोलियां बीत द्वारा आयोजित दंगल में शिरकत कर पहलवानों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर उन्होंने दंगल कमेटी को एक लाख रुपये तथा बाबा चरंग नाथ मंदिर, पोलियां के जीर्णोद्धार के लिए 25 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली विधानसभा क्षेत्र में गांव-गांव आयोजित हो रहे छिंज मेले और दंगल युवाओं को नशे से दूर रखने तथा खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। पंचायतों और स्थानीय कमेटियों के सहयोग से आयोजित ये कार्यक्रम युवाओं को सकारात्मक दिशा दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार नशे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में करीब 100 करोड़ रुपये की नशे से जुड़ी संपत्ति जब्त की गई है तथा चिट्टे के कारोबार में संलिप्त करीब 50 सरकारी कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त किया गया है।

उन्होंने कहा कि बीत क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। पोलियां में 50 लाख लीटर क्षमता का प्रदेश का सबसे बड़ा जल भंडारण टैंक स्थापित किया गया है। इसके अलावा दुलैहड़ और अमराली में 25-25 लाख लीटर क्षमता के टैंक बनाए गए हैं। 75 करोड़ रुपये की बीत सिंचाई योजना के तहत पालकवाह से पानी लाने का कार्य जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल