हरोली काॅलेज में 422 एडमिशन, 500 का टारगेट

 

ऊना, 17 जुलाई (हि.स.)। प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में नये एडमिशन के साथ ही विद्यार्थियों का आंकड़ा 400 पार कर गया है। काॅलेज प्रशासन इस बार 500 स्टूडेंट्स का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहा है। काॅलेज में 200 के करीब नये दाखिले हुए हैं। ग्रेजुएटस और पोस्ट ग्रेजुएट्स में हरोली काॅलेज में कुल 422 एडमिशन हो चुके हैं।

महाविद्यालय प्रशासन द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक प्रवेश ’कला संकाय में हुए हैं, जबकि वाणिज्य और विज्ञान संकाय में भी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रवेश लिया है। कला संकाय में बीए प्रथम वर्ष में 61, द्वितीय वर्ष में 45 तथा तृतीय वर्ष में 13 विद्यार्थियों सहित कल 119 छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। वाणिज्य संकाय में बीकॉम प्रथम वर्ष में 35, द्वितीय वर्ष में 27 और तृतीय वर्ष में 15 विद्यार्थियों के साथ कुल 77 प्रवेश दर्ज किए गए हैं। विज्ञान संकाय में बीएससी (फिजिकल साइंस) प्रथम वर्ष में 10, बीएससी लाईफ सांईस प्रथम वर्ष में 2, बीएससी (फिजिकल साइंस) द्वितीय में 9, बीएससी लाईफ सांईस द्वितीय में चार विद्यार्थियों सहित कुल 25 विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं।

सेल्फ फाईनांस कोर्स बीबीए और बीसीए में इस वर्ष 89 नये एडमिशन हुए हैं जिसके साथ ही इन कोर्सेस में स्टूडेंटस की संख्या 140 विद्यार्थी पहुंच गई है। बीबीए प्रथम वर्ष में 26, बीसीए प्रथम वर्ष में 63 नये एडमिशन हुए हैं। इसके अलावा पोस्ट ग्रेजुएट के पांच सब्जेक्ट में 61 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। जिसमें एम हिस्टरी में 27, एमए राजनीति शास्त्र में 10, एमए हिंदी में पांच और एम. काॅम में 19 स्टूडेंट्स शिक्षा हासिल कर रहे हैं।

काॅलेज प्राचार्य डा. राजिंद्र शर्मा ने बताया कि नए शैक्षणिक सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है तथा विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाएं और बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष एडमिशन बढ़ाने के लिए समस्त स्टाफ ने मेहनत की है, जिसके लिए डोर-टू-डोर अभियान भी चलाया गया था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल