ऊना कॉलेज में अभाविप की भूख हड़ताल, फीस वृद्धि को लेकर आंदोलन शुरू
ऊना, 12 अगस्त (हि.स.)। फीस वृद्धि के विरोध में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ऊना इकाई ने बुधवार को महाविद्यालय परिसर में अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। छात्र संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नही होंगी तब तक ये भूख हड़ताल जारी रहेगी।
अभाविप इकाई अध्यक्ष सूर्य शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय में हाल ही में की गई फीस वृद्धि गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ है। उन्होंने कहा कि हिमाचल जैसे ग्रामीण बहुल राज्य में किसान, बागवान और छोटे कर्मचारी अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए बड़ी मुश्किल से खर्च जुटाते हैं। ऐसे में बिना पर्याप्त सुविधाएं बढ़ाए फीस में वृद्धि करना छात्र हित में नहीं है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा को व्यापार नहीं बनाया जाना चाहिए और उच्च शिक्षा हर वर्ग की पहुंच में रहनी चाहिए। परिषद ने प्रशासन से फीस वृद्धि तत्काल वापस लेने के साथ छात्र संघ चुनाव बहाल करने की भी मांग उठाई। सूर्य शर्मा ने कहा कि छात्र संघ के माध्यम से छात्र हितों की आवाज विश्वविद्यालय की निर्णय प्रक्रिया तक पहुंचती है, इसलिए चुनाव बहाल करना जरूरी है।
वहीं इस संबंध में कॉलेज प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा का कहना है कि परिषद ने भूख हड़ताल के बारे में कॉलेज प्रशासन से पहले कोई भी परमिशन नहीं ली है। अगर छात्रों के कोई मुद्दे हैं तो उनपर कॉलेज प्रशासन बैठ कर बातचीत करने के लिए तैयार है। कॉलेज प्रबंधन द्वारा छात्रहित के लिए के हर संभव प्रयास किए जाते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल