मुख्यमंत्री सुक्खू की कुटलैहड़ को करोडों की सौगात, डीएसपी ऑफिस और सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा

 


ऊना, 13 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के प्रवास के दौरान 14.92 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली तुरकाल पंगा पेयजल की योजना का शिलान्यास किया, जिससे बुधान, चमयाड़ी, धुंगले, लठियाणी और तनोह ग्राम पंचायतों के 10 हजार से निवासियों को लाभ होगा। उन्होंने सामथ्र्य ज्ञानदीप पुस्तकाल और सामथ्र्य व्यायामशाला का भी शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने बंगाणा में डीएसपी ऑफिस और सब जज कोर्ट खोलने की घोषणा की।

उन्होंने रैंसरी और लठियाणी में पीएचसी खोलने की घोषणा करते हुए कहा कि समारोह में उपस्थित महिला मंडलों को 25-25 हजार रुपये प्रदान किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले वित्त वर्ष से आधुनिक तकनीक से पानी को साफ करने पर दो हजार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे, ताकि प्रदेश के लोग स्वस्थ और बीमारियों से भी दूर रहें। पंजाब के वित्त मंत्री पर पलटवार करते हुए ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की वित्तीय स्थिति पंजाब से बहुत बेहतर है।

उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पंजाब में ओपीएस देने की बात की थी। अब चुनाव सिर पर हैं, लेकिन आज तक सरकारी कर्मचारियों को ओपीएस नहीं दी गई है। जबकि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पहली ही कैबिनेट बैठक में अपने कर्मचारियों को ओपीएस दी। उन्होंने कहा कि हम प्रदेश की संपदा को किसी भी कीमत पर लुटने नहीं देंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैंने और उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने जीवन में संघर्ष किया है और लोगों के दर्द को भली-भांति जानते हैं। इसीलिए लोगों के कल्याण के लिए योजनाएं बनाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 में आपदा के दौरान वह स्वयं और उप-मुख्यमंत्री ग्राउंड जीरो पर रहे और प्रभावित परिवारों की मदद की।

उन्होंने कहा कि 23 हजार प्रभावित परिवारों को फिर से बसाने और फंसे हुए 75 हजार पर्यटकों को सुरक्षित घर पहुंचाने की जिम्मेदारी राज्य सरकार की थी। उन्होंने कहा कि हमने पर्यटकों को भी सुरक्षित निकाला और 48 घंटे में बिजली पानी की सुविधा अस्थाई रूप से बहाल कर लोगों की मुश्किलें कम कर दी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल