अपनी कुर्सी बचाएं जयराम : मुख्यमंत्री
ऊना, 11 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि विपक्ष के नेता जयराम ठाकुर सरकार को कोसने के बजाय अपनी कुर्सी बचाएं। भाजपा कई गुटों में बंट चुकी है। जिसमें कई गुट जयराम ठाकुर की कुर्सी छीनने में लगे हुए है। जयराम ठाकुर अपनी आपसी लड़ाई लड़े, कांग्रेस सरकार की चिंता छोड़ दें । सीएम ने ये बात शनिवार को हरोली के पोलियां में बल्क ड्रग पार्क के विकास कार्यों का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होंने कहा कि ओपीएस रिव्यू होने का सवाल ही नहीं है। पहली ही कैबिनेट में ओपीएस दिया गया था। यह निर्णय राजनीतिक लाभ के लिए नहीं लिया गया, बल्कि कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा देने के उद्देश्य से लिया गया था। अगर राजनीतिक लाभ लेना होता तो 2027 के बजट में ओपीएस घोषित करते। भाजपा चाहे जितना दबाव बना ले, राज्य सरकार ओपीएस को बंद नहीं करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष सरकार की 10 गारंटियों पर बार-बार बात करता है। हमने 300 यूनिट बिजली मुफ्त दे दी है। एक लाख परिवारों को 1500 रुपये दिए जाएंगे। 35 हजार परिवानों को पहले ही 15 सौ रुपए दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने प्रदेश पर करीब 60 हजार करोड़ रुपये का कर्ज छोड़ा है। उन्हें 47 हजार करोड़ रुपये आरजीडी के तहत और 13 हजार करोड़ रुपये जीएसटी कम्पनसेशन सेस के रूप में मिले, जबकि कांग्रेस सरकार को केवल 17 हजार करोड़ रुपये 15वें वित्त आयोग से मिले हैं।
स्वास्थ्य क्षेत्र में अनियमितताओं पर उन्होंने कहा कि कुछ अस्पतालों में फर्जी बिलिंग के मामले सामने आए हैं। जांच में सामने आया कि पुरुषों के नाम पर बच्चेदानी ऑपरेशन के बिल बनाए गए, जो गंभीर अनियमितता है। एक नहीं 4 आदमियों के बच्चेदानी के ऑपरेशन के मामले सामने आए है। यह धन का दुरुप्रयोग है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश के हित में काम कर रही है और संपदा को लुटाया नहीं गया है। हिमकेयर योजना को बंद नहीं किया गया, बल्कि उसे सुधारने का काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में आगे बढ़ रही है। गरीबों और सरकारी कर्मचारियों के अधिकारों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी 10 हजार करोड़ रुपए की आरजीडी बंद कर दी। हम रुकेंगे नहीं। हम प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने की सोच को लेकर आगे बढ़ रहे है। आरजीडी बंद हुई है फिर भी हम प्रदेश को चला रहे है। गरीब को उनके हक से महरुम नहीं रखा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल