चुनावी गारंटी के नाम पर मातृशक्ति से धोखा : वीरेंद्र कंवर

 


ऊना, 27 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय वॉलीबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने कांग्रेस सरकार पर हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के साथ चुनावी वादाखिलाफी का आरोप लगाया है। वीरवार काे ऊना में पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस ने प्रदेश की हर महिला को ₹1,500 प्रतिमाह देने की गारंटी दी थी, लेकिन सत्ता में आने के बाद इस वादे को पात्रता, आय सीमा और अन्य शर्तों में बांट दिया गया।

वीरेंद्र कंवर ने कहा कि कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी ने 18 नवंबर 2022 को हिमाचल में स्पष्ट रूप से महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह देने का वादा किया था। यह कांग्रेस की प्रमुख चुनावी गारंटियों में शामिल था। चुनावों के दौरान महिलाओं से इस संबंध में फार्म भी भरवाए गए और उन्हें भरोसा दिलाया गया कि कांग्रेस सरकार बनने के बाद उन्हें नियमित आर्थिक सहायता मिलेगी।

उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद कांग्रेस सरकार ने इस वादे का स्वरूप ही बदल दिया। मार्च 2024 में योजना को पात्रता की विभिन्न शर्तों से जोड़ दिया गया तथा सरकारी कर्मचारी और पेंशनर परिवारों सहित कई वर्गों को इससे बाहर रखा गया। बाद में आय सीमा जैसी शर्तें भी सामने आईं। 2022 में वादा हर महिला का था, जबकि 2026 में सरकार पात्र महिलाओं की बात कर रही है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2026 में भी सरकार ने योजना को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाने की बात कही है। बजट में एक लाख “मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार” परिवारों की महिलाओं को ₹1,500 देने की घोषणा की गई और इसके बाद सभी पात्र महिलाओं तक योजना का विस्तार करने की बात कही गई। यदि यह कांग्रेस की चुनावी गारंटी थी, तो लगभग चार वर्ष बाद भी इसे चरणबद्ध तरीके से लागू करने की आवश्यकता क्यों पड़ रही है?

पूर्व मंत्री ने कहा कि यदि सरकार वास्तव में पांच लाख महिलाओं को ₹1,500 प्रतिमाह देने के अपने अनुमान पर कायम थी, तो इसका सालाना वित्तीय भार करीब ₹900 करोड़ बैठता है। ऐसे में सरकार को यह भी सार्वजनिक करना चाहिए कि अब तक कितना बजट प्रावधान किया गया और वास्तविक रूप से कितनी राशि महिलाओं के खातों में पहुंचाई गई।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस सरकार को प्रदेश की महिलाओं को स्पष्ट जवाब देना चाहिए कि 2022 में किया गया हर महिला को ₹1,500 का वादा आखिर कब और किस रूप में पूरा होगा। प्रदेश की मातृशक्ति आगामी चुनावों में इस वादाखिलाफी का लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल