जनगणना के प्रथम चरण का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण, उत्कृष्ट प्रदर्शन पर 19 चार्ज अधिकारी सम्मानित
ऊना, 15 जुलाई (हि.स.)। जिला ऊना में जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत पूर्ण कर लिया गया है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त जतिन लाल ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले जनगणना से जुड़े 19 चार्ज अधिकारियों को सम्मानित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पहले तीन चार्ज अधिकारियों को स्मृति चिह्न एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि अन्य अधिकारियों को प्रशस्ति दिए गए।
इनमें शहरी क्षेत्र की श्रेणी में नगर पंचायत बंगाणा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नगर परिषद मेहतपुर बसदेहड़ा दूसरे स्थान पर रही, जबकि नगर पंचायत दौलतपुर चौक, अम्ब तथा टाहलीवाल ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान हासिल किया। ग्रामीण क्षेत्र में तहसील हरोली प्रथम, उप तहसील जोल द्वितीय तथा उप तहसील मेहतपुर बसदेहड़ा एवं तहसील ऊना ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इस अवसर पर उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जनगणना जैसा महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व निर्धारित समय में सफलतापूर्वक पूर्ण होना जिला प्रशासन, चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों की उत्कृष्ट कार्यशैली, समर्पण तथा टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि जनगणना राष्ट्र निर्माण की आधारभूत प्रक्रिया है, जिसके माध्यम से विकास योजनाओं के निर्माण एवं प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सटीक आंकड़े उपलब्ध होते हैं। इसलिए इस अभियान से जुड़े प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।
उपायुक्त ने बताया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में जिला ऊना ने पूरे हिमाचल प्रदेश में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इस क्रम में लाहौल-स्पीति प्रथम तथा किन्नौर द्वितीय स्थान पर रहे। उन्होंने इसे जिला प्रशासन एवं जनगणना से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया।
उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब जनगणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जा रहा है। इस प्रक्रिया के तहत प्रगणकों ने मोबाइल एप्लीकेशन के माध्यम से 33 निर्धारित प्रश्नों के आधार पर मकानों एवं परिवारों से संबंधित जानकारी एकत्रित की। हिमाचल प्रदेश में प्रथम चरण का यह अभियान 16 जून से प्रारंभ हुआ था, जिसे जिला ऊना में निर्धारित समय के भीतर सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल