ऊना में प्राइम बैडमिंटन अकादमी का शुभारंभ, युवाओं को फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का आह्वान
ऊना, 22 जून (हि.स.)। जिला मुख्यालय ऊना के समीप मलाहत में सोमवार को प्राइम बैडमिंटन अकादमी का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उद्घाटन समारोह में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ी, खेल प्रेमी तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि उपायुक्त जतिन लाल ने अपने संबोधन में युवाओं के जीवन में फिटनेस के महत्व पर बल देते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए खेल गतिविधियों में नियमित भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर खेलों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने अकादमी प्रबंधन को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि यह संस्थान क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश बैडमिंटन संघ के पूर्व महासचिव राजिंदर सिंह ने कहा कि ऊना जिला अब प्रदेश में बैडमिंटन का प्रमुख केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क और रेल मार्ग से उत्कृष्ट संपर्क होने के कारण ऊना राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की बैडमिंटन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए आदर्श स्थान बन चुका है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में ऊना मुख्यालय में तीन इंडोर बैडमिंटन सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिनमें कुल 12 कोर्ट हैं। यह जिले के खेल विकास के लिए अत्यंत सकारात्मक संकेत है।
उन्होंने कहा कि आधुनिक खेल सुविधाओं और प्रशिक्षित कोचों की उपलब्धता से आने वाले समय में ऊना से राष्ट्रीय स्तर के और अधिक खिलाड़ी निकलेंगे। प्राइम बैडमिंटन अकादमी के शुरू होने से खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण, फिटनेस और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध होगा।
अकादमी में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप लकड़ी के कोर्ट, अनुभवी एनआईएस प्रमाणित कोच, स्ट्रेंथ एवं कंडीशनिंग प्रशिक्षण तथा खिलाड़ियों के लिए आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अकादमी के संचालक कर्ण चौधरी ने बताया कि अकादमी का उद्देश्य खिलाड़ियों को शुरुआती स्तर से लेकर पेशेवर स्तर तक प्रशिक्षण प्रदान करना है।
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल