ऊना में आग का तांडव, प्रवासियों की 76 झुग्गियां राख
ऊना, 26 मई (हि.स.)। ऊना मुख्यालय के साथ लगते बसाल गांव में प्रवासी मजदूरों की 76 झुंग्गियां आग की भेंट चढ़ गई। आग से प्रवासी मजूदरों का घरेलू सामान, राशन, कपड़े, बिस्तर, बर्तन, नकदी जलकर राख हो गई। प्रारंभिक आंकलन में चार लाख रुपए का नुकसान बताया जा रहा है। अग्रिशमन दलबल ऊना की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक खड़पोश से बनी झुग्गियां राख में तब्दील हो चुकी थी। सूचना मिलते ही ऊना पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरु की। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
जानकारी के अनुसार ऊना-अंब नेशनल हाईवे पर बसाल पुल के सामने गत्ता उद्योग के साथ सटी प्रवासी मजदूरों की झुंगियों में मंगलवार दोपहर को आग लग गई। देखते ही देखते साथ-साथ सटी खड़पोश की झुंगियां आग की चपेट में आती गई। आग का भयावह रुप से दूर से ही दिख रहा था। इसी बीच सूचना मिलते ही अग्रिशमन दलबल की टीम मौका पर पहुंची और आग बुझाने की कार्रवाई शुरु की। जिस वक्त आग लगी, उस समय कई मजूदर दिहाड़ी मजदूरी पर गए हुए थे। जब उन्हें झुंगियों में आग लगने की सूचना मिली तो वह अपनी झुंगियों की तरफ दौड़े। घटनास्थल पर मजदूरों, महिलाओं, बच्चों व बुजुर्गो की चीखों पुकार मची रही। लोग झुुंगियों में अपना सामान खंगालते रहे, लेकिन इतनी भयंकर गर्मी में वह असमर्थ रहे।
बतां दे कि गर्मी का सीजन शुरु होते ही आग की घटनाओं में तेजी आई है। इससे ऊना मुख्यालय में पुराना होशियारपुर रोड़ पर लालसिंगी में दर्जनों झुंगियां आग से जल गई थी। जिसमें लाखों रुपयों का नुकसान हो गया था। वहीं अब बसाल में 76 झुुंगियां जलने का मामला सामने आया है।
उधर, अग्रिशमन केंद्र ऊना के प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि बसाल में आग लगने से 76 झुंगियां जल गई है। आग से 4 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। अग्रिशमन दलबल ने आग पर काबू पा लिया है। वहीं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बताया कि बसाल में आग लगने से प्रवासी मजदूरों की झुंगिंया जली है। पीडि़त प्रवासी लोगों को हर संभव मदद मुहैया करवाई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल