50 बिस्तरों वाले सिविल अस्पताल का शिलान्यास, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री रखेंगे आधारशिला
ऊना, 12 जुलाई (हि.स.)। उपमंडल हरोली के लोगों को आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिला ऊना के हरोली में 50 बिस्तरों वाले नए सिविल अस्पताल का शिलान्यास 13 जुलाई को सुबह 11 बजे किया जाएगा। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री इस महत्वाकांक्षी परियोजना की आधारशिला रखेंगे। यह शिलान्यास समारोह सिविल अस्पताल, हरोली परिसर में आयोजित होगा।
कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, हिमाचल प्रदेश तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के सहयोग से किया जा रहा है। नया 50 बिस्तरों वाला अस्पताल बनने से हरोली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर एवं आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों पर निर्भरता कम होगी तथा आपातकालीन और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं का भी लाभ स्थानीय स्तर पर मिल सकेगा।
वर्तमान में हरोली सिविल अस्पताल 50 बेड का है अब ये बिल्डिंग बनने से हरोली अस्पताल 100 बेड का होगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल