अखिल अग्निहोत्री ने डिप्टी सीएम मुकेश को भेंट की सोनिया गांधी की पुस्तक
ऊना, 13 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष अखिल अग्निहोत्री ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता मुकेश अग्निहोत्री से भेंट कर उन्हें कांग्रेस संसदीय दल की पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी द्वारा लिखित पुस्तक बिलॉन्गिंग द जर्नी ऑफ लव भेंट की। इस दौरान दोनों के बीच कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक गतिविधियों और पार्टी की वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई।
अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन त्याग, समर्पण, संघर्ष और देश के प्रति अटूट प्रतिबद्धता की प्रेरणादायक मिसाल है। उन्होंने अपने राजनीतिक और व्यक्तिगत जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना किया, लेकिन हर परिस्थिति में धैर्य, गरिमा और निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। भारतीय राजनीति में उनका योगदान और कांग्रेस संगठन के प्रति उनका समर्पण हमेशा याद रखा जाएगा।
अखिल अग्निहोत्री ने कहा कि बिलॉन्गिंग द जर्नी ऑफ लव केवल एक पुस्तक नहीं, बल्कि रिश्तों, अपनत्व, प्रेम, संघर्ष और भारतीय समाज के साथ जुड़ाव की भावनात्मक अभिव्यक्ति है। पुस्तक के माध्यम से सोनिया गांधी के जीवन के विभिन्न पहलुओं, उनके अनुभवों और जीवन मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है। उनका जीवन नई पीढ़ी के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री को यह पुस्तक भेंट करना उनके प्रति सम्मान और स्नेह की एक छोटी-सी अभिव्यक्ति है। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देशराज गौतम, युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता शोभित गौतम, अविनाश कपिला, ओंकार कपिला, राजेश पराशर, सतविंद्र सिंह, इशान ओहरी, मोनी ठाकुर व अनिल गौतम सहित अन्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विकास कौंडल