मिश्रवाला में 18.94 ग्राम चिट्टे के साथ दो युवक गिरफ्तार
नाहन, 22 अक्टूबर (हि.स.)। जिला सिरमौर पुलिस ने नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मिश्रवाला क्षेत्र में पंजाब के दो युवकों को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18.94 ग्राम चिट्टा (स्मैक) बरामद किया। इस मामले में पुलिस आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
पुलिस के अनुसार एसआईयू नाहन की टीम मिश्रवाला क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान राष्ट्रीय उच्च मार्ग -07 पर हिमाचल होम स्टे के समीप गुप्त सूचना के आधार पर पंजाब नंबर की कार की जांच की गई। इस दौरान कार में सवार युवकों की पहचान अमरजीत सिंह (38) निवासी खिजराबाद, जिला मोहाली, पंजाब और गुरप्रीत सिंह (30) निवासी गांव भंजौली, जिला मोहाली, पंजाब के रूप में हुई।
डीएसपी पांवटा साहिब मानवेंद्र सिंह ठाकुर ने बताया कि पुलिस थाना माजरा में एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को आज अदालत में पेश किया जाएगा। मामले की आगामी जांच जारी है। पुलिस मादक पदार्थ के स्रोत और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर