किराये के कमरे में मिले दंपति के शव, राजगढ़ इलाके में पसरा मात्तम, पुलिस जांच में जुटी

 

नाहन, 26 अक्टूबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में एक दंपत्ति की मौत का मामला सामने आया है। इस दर्दनाक घटना के बाद इलाके में शोक की लहर है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस जांच में जुट गई है।मामला जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल का है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उपमंडल की ग्राम पंचायत कोठिया जाजर के गांव मयोग में सोमवार को किराये के कमरे में रह रहे पति-पत्नी ने एक साथ आत्महत्या कर ली। इस हृदय विदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

मृतकों की पहचान 28 वर्षीय अजय उर्फ परमील पुत्र स्व. भाग सिंह निवासी गांव कोटला मांगन, डाकघर काथली भरण, तहसील व थाना राजगढ़ और 33 वर्षीय ममता पुत्री स्व. जगमोहन सिंह निवासी गांव बाग धमनिया, डाकघर डिंबर, तहसील व थाना राजगढ़, जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस को घटना की जानकारी बच्चों ने 112 नंबर पर कॉल कर दी। हादसे की जानकारी मिलते ही राजगढ़ पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा।घटना के बाद से दो बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है।

ग्राम पंचायत कोठिया जाजर की प्रधान ममता कुमारी ने बताया कि दोनों गांव मयोग में किराये के कमरे में रह रहे थे। दोनों ने अपने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने बताया कि मृतक दंपति के दो लड़के हैं।

हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पति-पत्नी ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया। आत्महत्या के कारणों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले में सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।पुलिस द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों की पड़ताल की जा रही है और मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।

राजगढ़ के डीएसपी वीसी नेगी ने बताया कि मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर