रेणुका जी में बीच जंगल में गाड़ियां रोककर तोड़फोड़, चालकों को जान से मारने की धमकी

 


नाहन, 12 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिले के संगड़ाह-रेणुका जी सड़क मार्ग पर एक गंभीर घटना सामने आई है, जहाँ कुछ स्थानीय ट्रक चालकों और अन्य लोगों द्वारा जबरन गाड़ियों को रोककर उनमें तोड़फोड़ की गई और चालकों को जान से मारने की धमकी दी गई। इस संबंध में पुलिस थाना रेणुका जी में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह घटना 10 अक्टूबर की रात को करीब 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच बीच जंगल सड़क (संगड़ाह-रेणुका जी मार्ग) पर घटी। शिकायतकर्ता रामस्वरुप (निवासी नेरा बागा, डाकघर रजाना, तहसील संगड़ाह) सहित कई अन्य ट्रक/टिप्पर मालिकों और चालकों ने पुलिस थाना रेणुका जी में एक संयुक्त शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ितों का आरोप है कि घटना की रात 2 से 3 गाड़ियों (जिनमें गाड़ी संख्या HP71A-5907, HP18B-0171 और एक अन्य वाहन शामिल था) में सवार होकर कुछ लोग आए और उन्होंने उनकी गाड़ियों को जबरन रास्ते में रोक लिया। इसके बाद आरोपियों ने वहाँ मौजूद चालकों के साथ गाली-गलौज और हाथापाई की।

आरोपियों ने गाड़ियों के साथ जमकर तोड़फोड़ की। उन्होंने वाहनों के टायर फाड़ दिए, इलेक्ट्रिकल वायरिंग को क्षतिग्रस्त कर दिया और अन्य हिस्सों को भी भारी नुकसान पहुँचाया। इस दौरान मौके पर कुछ गाड़ियों को जबरन खाली भी करवाया गया, जबकि जो गाड़ियाँ खाली नहीं हो पाईं, उन्हें बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

पीड़ित चालकों और मालिकों ने पुलिस को बताया कि जाते समय आरोपियों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। आरोपियों ने धमकी देते हुए कहा कि अगर तुम कल से दोबारा गाड़ी भरकर आए तो तुम्हें गाड़ी के साथ जिंदा जला देंगे। इस घटना के बाद से स्थानीय चालकों और वाहन मालिकों में अपनी जान और माल को लेकर भारी डर का माहौल है।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने 14 स्थानीय ट्रक चालकों व अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना रेणुका जी में उक्त सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस द्वारा इस मामले में आगामी अन्वेषण व कानूनी कार्रवाई तेजी से जारी है। पीड़ित पक्षों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे दंगाई प्रवृत्ति के लोगों पर तुरंत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर